खजरी मार्ग स्थित गैस गोदाम में रोजाना देखी जा रही अव्यवस्था, सुबह छह बजे से लग रही कतार
छिंदवाड़ा. गैस सिलेंडर की पर्याप्त सप्लाई जिले में होने के बाद भी लोगों को गैस सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जिसका सबसे बड़ा कारण होम डिलेवरी नहीं होना है। मंगलवार को फिर से खजरी मार्ग स्थित एचपी गैस गोदाम में गैस सिलेंडर लेने लोगों का हुजूम लग गया। अपना नंबर ऑनलाइन लगाने के बाद भी जब गैस सिलेंडर की होम डिलेवरी नहीं हो पाई तो लोग गैस सिलेंडर लेने गोदाम पहुंच गए। सिलेंडर की लंबी लाइन गैस गोदाम के सामने से मुख्य सडक़ तक कई मीटर तक लग गई। भीड़ इतनी एकत्रित हो गई कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ गया। सुबह पांच बजे से लोग गोदाम के सामने पहुंच गए तथा सिलेंडर की लाइन लगा दी, गैस गोदाम खुलने के बाद लोगों को एक के बाद एक करके गैस सिलेंडर दिए गए।
खाद्य विभाग ने जिले की सभी गैस एजेंसियों की जानकारी एकत्रित की है। जिसमें नाहर एलाइड गैस एजेंसी ने अपने उपभोक्ताओं को 24 मार्च, छिंदवाड़ा एचपी गैस एजेंसी ने 27 मार्च, अतिशय गैस एजेंसी ने 26 मार्च तक मधुराजास्वामी एजेंसी ने 31 मार्च, प्रीति भारत एजेंसी ने 21 मार्च तक की बुकिंग किए गए गैस रिफिल को होम डिलेवरी के माध्यम से प्रदाय किए जाएंगे। गैस एजेंसियों में प्रतिदिन गैस प्लांट से पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर रिफिल प्राप्त हो रहे है। सभी होम डिलेवरी के माध्यम से ही गैस रिफिल प्राप्त करे, किसी उपभोक्ता की रिफिल बुकिंग दिनांक 15 मार्च के पूर्व की हो और उन्हें गैस रिफिल अप्राप्त हो ऐसी स्थिति में वह खाद्य विभाग कंट्रोल रूम के नंबर 07162-243409 पर अपनी शिकायत कर दर्ज करवा सकते है।
गैस एजेंसियों से होम डिलेवरी के लिए निकलने वाले वाहनों को लोग गली मोहल्लों में रोक रहे है तथा होम डिलेवरी नहीं करने दे रहे है। जिसकी शिकायत खाद्य विभाग को लगातार मिल रही है। विभाग ने लोगों से अपील भी की है कि गैस होम डिलेवरी के माध्यम से ही मिलेगी। विभाग ने बुकिंग के हिसाब से गैस की होम डिलेवरी को तेज कराया है। बुधवार से गैस गोदामों से गैस सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। मंगलवार को 2607 उपभोक्ताओं गैस सिलेंडर की डिलेवरी दी गई है जो कि आम दिनों की तुलना में दो गुनी है।
गैस एजेंसियों से बुकिंग की जानकारी ली गई है, सभी गैस एजेंसियों को गैस प्लांट से पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर मिल रहे है। घबराहट में गैस बुकिंग व प्राप्ति के लिए जल्द बाजी ना करें। होम डिलेवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को आसानी से उपलब्ध होंगे।
राघवेंद्र लिल्हारे, सहायक खाद्य अधिकारी, छिंदवाड़ा।