27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छिंदवाड़ा हादसा: तेज धमका और बिखर गए शरीर के चीथड़े, खौफनाक हादसे के बाद अपनों को तलाशते रहे लोग

Chhindwara Accident: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल, फफक-फफक कर सुनाया दर्द, कुछ मृतकों के हाथ शरीर से कटकर हुए अलग...

3 min read
Google source verification
Chhindwara Accident Horrific road accident

Chhindwara Accident Horrific road accident

Chhindwara Accident: 'मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे हम सभी हंसते खेलते बात कर रहे थे, अचानक तेज धमाका जैसा हुआ। बस चकरा गई इसके बाद पलट गई। हर तरफ खून ही खून कुछ लोग बेहोश हो गए तो 5- 6 लोग बस के नीचे दब गए थे। सब बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। सभी को चोटें आई। बड़ी मुश्किल से बाहर निकले। अस्पताल आए।'

यह कहते हुए मोहखेड़ के सिमरिया नाला में हुई बस दुर्घटना में घायल आशा कुमरे फफक पड़ती है। आशा बाई की निगाहें अपने साथ बस में बैठे लोगों को तलाश रही थीं। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल था। बड़ी संख्या में घायल पहुंचने पर इलाज के लिए स्ट्रैचर कम पड़ गई। बंद लिफ्ट ने भी दर्द दिया।

जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार बस मिगलानी ट्रैवल्स की थी और पिकअप बिछुआ का था। हादसे में दोनों वाहन चालकों की भी मौत हो गई। हादसे में 41 लोग घायल हुए है जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया।

दो मृतकों के हाथ कटकर अलग हो गए

छिंदवाड़ा हादसा इतना भीषण था कि धमाके में कई लोगों के शरीर चीथड़े की तरह बिखर गए। कुछ मृतकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया था, इस दौरान एक एंबुलेंस से एक बच्चा तथा दो पुरुषों को लाया गया, उनकी मौत हो चुकी थी । मासूम बालक व एक पुरुष का एक हाथ अलग हो चुका था, जिसे भी एंबुलेंस कर्मचारी अपने साथ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

आधा घंटे लगा रहा जाम

इस घटना के बाद छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर लगभग आधा घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। दोनों ओर 5 से 7 किलोमीटर तक वाहनों की कतार थी। लगभग 45 मिनट बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। उमरानाला चौकी का बल मौके पर पहुंचा तथा क्रेन की मदद से सड़क पर पड़े दोनों वाहनों को उठाकर साइड किया गया है।

मरीजों को वार्ड में शिफ्ट करने हुई पारेशानी

जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं से फिर लोगों को दो चार होना पड़ा। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, इस दौरान मरीजों की मदद के लिए पुलिस कर्मी, सुरक्षा कर्मी, वाहन स्टैंड कर्मचारी, प्राइवेट एंबुलेंस चालक, भर्ती मरीजों के परिजन भी जुट गए। मरीजों को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया तथा तत्काल उपचार कर वार्ड में शिफ्ट किया गया। इस दौरान फिर से अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही देखने को मिली जब घायल मरीजों को थर्ड फ्लोर पर वार्ड में ले जाने के लिए इमरजेंसी कक्ष के सामने की लिफ्ट बंद मिली। लोग घायलों को रैम्प से स्ट्रेचर की मदद से वार्ड तक ले गए। रात को दो घायलों को इलाज के लिए नगापुर भेजा।

समाजसेवी व अन्य लोग पहुंचे

मदद करने हादसे की सूचना आग की तरह फैल गई, घायलों की मदद के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। इस दौरान यमन साहू, रविराज बैस, फिरोज खान अपने साथियों के साथ पहुंचकर मदद में जुट गए। इसके साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मागो सहित अन्य घायलों का हालचाल पूछने पहुंचे। वहीं 108 एंबुलेंस के जिला मैनेजर तथा पायलट भी घायलों की मदद कर रहे थे।

पुलिस को हटानी पड़ी भीड़

हादसे के बाद जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई थी, इस दौरान पुलिस को लोगों को वहां से हटाना पड़ा था। लोगों की भीड़ इमरजेंसी कक्ष के साथ ही थर्ड फ्लोर पर ऑपरेशर थियेटर के बाहर भी लग गई। लोगों को पुलिस ने समझाइश देकर वहां से हटाया था।

आईजी भी पहुंचे जिला अस्पताल

सीएम कार्यक्रम में आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा भी शामिल होने आए थे और कार्यक्रम के बाद जबलपुर के लिए रवाना हो गए थे। हादसे की सूचना के बाद आईजी रात को जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर हरेंद्र नारायन तथा पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय से हादसे को लेकर काफी देर तक चर्चा की थी। प्रभारी मंत्री भी देर रात छिंदवाड़ा पहुंचे।