अमरवाड़ा की मेडिकल टीम ने की गांव में स्वास्थ्य जांच
अमरवाड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम तेंदनीमाल में तीन दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। ग्रामीणों में वायरल से बुखार, हाथ पैरों में जकडऩ की शिकायत हैं। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम ने गांव में मलेरिया की जांच की जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। ग्रामीण बृजेश यादव ने बताया कि ग्रामीणों में बुखार व हाथ पैर में जकडऩ की शिकायत चार से पांच दिनों से है, चलने फिरने में समस्या आ रही है।
पूरे गांव में स्थित घरों में कोई न कोई बीमार है जो कि वायरल की चपेट में आया है। एक साथ पूरे गांव में बीमार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को पहुंचकर जांच की है। स्वास्थ्य कर्मी इसे वायरल का नाम दे रहे हैं जो दवाई खाने के बाद ठीक हो जाएगा। इस दौरान टीम ने घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित की।
गांव में कुछ लोगों की बीमार होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम को जांच के लिए भेजा गया। ग्रामीणों में बुखार व जकडऩ की समस्या थी, बीमार लोगों का मलेरिया टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य टीम ने दवाईयां उपलब्ध कराई है तथा लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। लगातार गांव में टीम पहुंचकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है।
- डॉ. भरत उसरेठे, मेडिकल ऑफिसर, अमरवाड़ा