चित्तौड़गढ़

32 साल पहले 17 वोटों से हारी थी पहला चुनाव, संतान नियम की बाधा हटी तो प्रधान बनी 5वीं पास उदी बाई जाट

निंबाहेड़ा पंचायत समिति के चुनाव नतीजों ने स्थानीय राजनीति के भीतर दबे कई समीकरणों को सतह पर ला दिया है। कुल 23 सीटों में से 18 पर कांग्रेस की जीत के साथ उदी बाई जाट प्रधान निर्वाचित हुई हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:39 PM IST
Udi Bai Jat
उदी बाई जाट प्रधान निर्वाचित। फोटो: पत्रिका

निंबाहेड़ा। निंबाहेड़ा पंचायत समिति के चुनाव नतीजों ने स्थानीय राजनीति के भीतर दबे कई समीकरणों को सतह पर ला दिया है। कुल 23 सीटों में से 18 पर कांग्रेस की जीत के साथ उदी बाई जाट प्रधान निर्वाचित हुई हैं। इसकी सबसे बड़ी गूंज भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी के गृह गांव भावलिया में सुनाई दी, जहां पंचायत समिति और जिला परिषद दोनों सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर करीब तीन दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

पांचवीं कक्षा तक पढ़ी उदी बाई का प्रधान पद तक पहुंचना तीन दशकों के धैर्य, कानूनी अड़चनों और पारिवारिक विरासत का संगम है। उनका सफर 1994 में इसी वार्ड से जनपद सदस्य के चुनाव से शुरू हुआ था, लेकिन वे महज 17 मतों से हार गई थीं। बाद में पंचायती राज अधिनियम के तहत तीन से अधिक संतान होने के प्रावधान ने उनकी राह रोक दी। नियमों में शिथिलता के बाद पात्रता मिलने पर उन्होंने न केवल वापसी की, बल्कि सीधे प्रधान की कुर्सी तक पहुंच गईं।

भावलिया में पलटा पासा, 673 मतों का अंतर

चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा से विधायक श्रीचंद कृपलानी के गृह गांव भावलिया को परंपरागत रूप से भाजपा के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता रहा है। इस बार यहां से जनपद सदस्य के चुनाव में उदी बाई ने 673 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर पिछली हार का हिसाब बराबर किया, जबकि पिछली बार कांग्रेस को लगभग इतने ही मतों के अंतर से हार मिली थी। गांव में दोनों सीटों पर कांग्रेस की जीत ने स्थानीय स्तर पर बदलती हवा का संकेत दिया है, हालांकि इसे सीधे विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखना जल्दबाजी होगा।

तीन पीढ़ियों की विरासत और संगठन का आधार

उदी बाई के परिवार में सास, ससुर और बेटी सहित चार सदस्य सरपंच रह चुके हैं। पति गोपाल जाट कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष और जिला महासचिव रह चुके हैं, जबकि पिछली बार बेटे प्रदीप जाट ने जिला परिषद का चुनाव लड़ा था, पर हार मिली थी। परिवार की तीन पीढ़ियों से चली आ रही पंचायत राजनीति की विरासत को अब उदी बाई पंचायत समिति स्तर पर आगे बढ़ा रही हैं।

18 सीटों के जनादेश के बाद विकास की कसौटी

23 में से 18 सीटों के स्पष्ट बहुमत के बाद उदी बाई के सामने जीत को जमीनी कामकाज में बदलने की चुनौती है। निंबाहेड़ा पंचायत समिति की 23 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की निगाहें सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, नाली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं पर टिकी हैं। लंबे इंतजार के बाद मिली इस कुर्सी पर उनकी असली परीक्षा जनादेश को विकास में उतारने की होगी।