
चित्तौडग़ढ़. राज्य में प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से करीब चार माह पहले ही आगामी सरकार कांग्रेस की बनने पर नेतृत्व कौन करेगा ये मुद््दा गरमा गया है। पार्टी आलाकमान भले वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के नेतृत्व में चुनाव लडऩे की बात कह रहा हो,लेकिन पूर्व केन्द्रीय मंत्री लालचंद कटारिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लडऩे पर ही जीत मिलने की बात कहीं थी। कटारिया के बाद अब अब सोमवार को चित्तौडग़ढ़ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय महासचिव सीपी जोशी के कार्यकर्र्ता संवाद व फीडबैक कार्यक्रम में उनके कुछ समर्थकों ने जोशी के नेतृत्व में ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने की बात कह डाली। संवाद के दौरान जोशी ने स्वयं भले ही इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा लेकिन बाद में मीडिया से बातचीत में ये जरूर कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री के बारे में फैसला हाईकमान लेगा। संवाद के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उदयलाल आंजना ने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़े तबकों को आगे बढाया है। जोशी के हाथ में नेतृत्व आने पर किसान निहाल हो जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे कांग्रेस को मजबूत करें। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदयाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सीपी जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार आएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष २००८ में बागडोर सीपी जोशी को सौंपी गई थी, तब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। कार्यकर्ता जानते है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार जोशी ही ला सकते हैं।
अब नहीं चलेगा नारो से काम
राजनीति में कई परिवर्तन हो रहे हैं। अब नारों से काम नहीं चलने वाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सीपी जोशी ने सोमवार को यहां एक रिसोर्ट में मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ नारों और घोषणाओं से नौजवानों को नहीं जोड़ा जा सकता। काम करेंगे तब नौजवानों को भरोसा होगा। नई पीढी सच को समझना चाहती है और सच को समझने के बाद ही निर्णय करेगी। उन्होंने आगामी चुनाव में स्वयं की भूमिका के बारे में कहा कि वे कार्यकर्ता के रूप में पार्टी का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मेवाड़ उनकी पहली प्राथमिकता है और राजस्थान मेरा प्रदेश है।
हाईकमान करेगा सीएम का फैसला
प्रदेश में मुख्यमंत्री के सवाल पर जोशी ने कहा कि मीडिया यह प्रश्न उठाना बंद कर दें। कांग्रेस पार्टी में चुनाव के बाद भावनाओं के अनुरूप हाईकमान मुख्यमंत्री का फैसला करता है। विधानसभा या लोकसभा में से कौनसा चुनाव लड़ेंगे के सवाल पर जोशी ने कहा कि अब उनकी उम्र ६८ वर्ष हो गई है। पार्टी ने बिना मांगे ही बहुत कुछ दिया है। पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय करेगा, उसके अनुसार काम करेंगे।
गहलोत के बयान पर कमेंट नहीं
हाल ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से उदयपुर में दिए गए बयान के सवाल पर जोशी ने कहा कि वे इस पर कोई कमेंट नहीं करेंगे। यह सवाल गहलोत से करें। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस को जिताने के लिए सब मिलकर काम करेंगे।