
चित्तौडगढ़़। चित्तौडगढ़़ के शंभूपुरा थाना क्षेत्र में देर रात ट्रेलर व ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग में जिंदा जलने से ट्रेलर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि बाकी लोगों ने वाहनों से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे अरनिया पंथ पुलिया पर ट्रेलर और ट्रक की भिड़ंत हुई। हादसे के बाद दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली। स्थानीय लोगों ने समय रहते दो लोगों को बाहर निकाल लिया। जबकि एक युवक उसमें फंसा रह गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक व्यक्ति की जलने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दो दमकलों की मदद से करीब पौन घंटे में आग पर काबू पाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। थानाधिकारी गजसिंह ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि करीब आधा घंटे तक ट्रेलर के पास जाना भी मुश्किल हो गया था। हादसा ट्रोले के गलत साइड से आने से हुआ है। एक वाहन में सीमेंट भरी थी। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है।