
चित्तौडग़ढ़। दो वर्षीय बेटी की गर्दन पर चाकू लगाकर तथा शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने के बाद पीडि़ता के आभूषण छीनने का मामला शुक्रवार को कोतवाली में दर्ज हुआ है।
शहर की एक महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दी कि ससुराल पक्ष उससे झगड़ता था। इस पर परिचित बेगूं निवासी रईस पुत्र शौकत खान ने उसे झांसा दिया कि वह उससे शादी कर लेगा।
रईस ने 24 अक्टूबर 2017 को उसे नशीली दवा मिलाकर चाय पिला दी और खाली स्टांप पत्र पर दस्तखत करवा लिए। आरोपित ने प्रार्थिया की 1 साल 10 माह की बेटी की गर्दन पर चाकू रख दिया और डरा धमकाकर प्रार्थिया से दुष्कर्म किया।
आरोपित ने इसकी वीडियो क्लिपिंग बना ली। उसने प्रार्थिया के गले से दो तोला वजनी सोने की चेन, आधा तोला वजनी सोने की अंगूठी, दो जोड़ी टॉप्स आदि भी छीन लिए। धमकी दी कि किसी को बताया तो वह प्रार्थिया व बेटी की हत्या कर देगा और क्लिपिंग वायरल कर देगा।
पीडि़ता किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। बदनामी के डर से थाने में रिपोर्ट नहीं दी। आरोपित इसी गुरुवार को उसके मकान के बाहर आया और शादी का झांसा देकर कार से चामटीखेड़ा क्षेत्र स्थित होटल में ले गया, जहां फिर दुष्कर्म किया। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।