मधुमक्खियों ने अपना आतंक बना रखा है। गुरुवार को भरपालसर में मधुमक्खियों के हमले से एक दुलहन सहित कुल 11 जनें घायल हो गए थे और शुक्रवार को ग्राम जालेऊ में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई तथा तीन जने घायल हो गए।
चूरू. जिले के ढाढ़रियाबानीरोतान गांव के खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर शुक्रवार को मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें चूरू के राजकीय भरतिया अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों ने बताया कि मांगू सिंह (65) अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे आसपास मौजूद मधुमक्खियों का झुंड उड़ता हुआ उनके पास आ गया और उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से घबराए मांगू सिंह खुद को बचाने के लिए पास के दूसरे खेत की ओर भागे, लेकिन मधुमक्खियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए उन पर तिरपाल डालकर मधुमक्खियों से बचाया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से तुरंत भरतिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। ग्रामीणों के अनुसार समय पर मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल मांगू सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग की मौत, तीन अन्य घायल
रतनगढ़. क्षेत्र में मधुमक्खियों ने अपना आतंक बना रखा है। गुरुवार को भरपालसर में मधुमक्खियों के हमले से एक दुलहन सहित कुल 11 जनें घायल हो गए थे और शुक्रवार को ग्राम जालेऊ में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई तथा तीन जने घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। मामले के अनुसार जालेऊ निवासी हनुमानाराम जाट (70) मवेशियों को लेकर खेत जा रहा था। रास्ते में चूरू सड़क मार्ग पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। करीब आधे घंटे तक मधुमक्खियों की ओर से किए गए हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई।
इस हमले के दौरान दर्जनों वाहन वहां से गुजरे, लेकिन मधुमक्खियों के पास जाने की किसी की हिम्मत नहीं हुई। घटना से प्रशासन को अवगत करवाया, जिस पर एसडीएम मिथिलेश कुमार के आदेश पर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हुआ तथा 108 की सहायता से बुजुर्ग को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी स्थान पर श्रवणसिंह (60) पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
दूसरी घटना नेशनल हाइवे पर लूंछ फांटा के पास की है, जहां पर लूंछ निवासी हरीश ढोली (34) एवं हरदेसर निवासी राजकुमार शर्मा (42) पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हरीश पैदल चल रहा था एवं राजकुमार पिकअप में सवार था। घटना में घायल तीनों लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई।
मधुमक्खियों का आतंक जारी : खेतों में काम कर रहे मजदूरों पर हमला, 10 घायल
सुजानगढ़. क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को लोढ़सर गांव में खेतों में काम कर रहे मजदूरों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद चार गंभीर घायलों को ग्रामीणों और ‘टीम हारे का सहारा’ के संयोजक श्याम स्वर्णकार की मदद से स्थानीय सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। घायलों में दरिया सिंह (56) निवासी बजावा (झुंझुनूं), ईश्वर सिंह (52) निवासी लोढ़सर, राजू (36) निवासी रोडू तथा हेमराज (32) निवासी अनंतपुरा कुचामन शामिल हैं।
सभी घायलों के शरीर से 10-15 मधुमक्खियों के डंक निकाले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं अन्य 6 लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनका गांव में ही प्राथमिक उपचार किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी क्षेत्र के तीन-चार स्थानों पर मधुमक्खियों द्वारा मजदूरों और अन्य लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
श्मशान भूमि में जंगली मक्खियों का आतंक, अंतिम संस्कार करने गए लोगों पर किया हमला
साहवा. कस्बे की श्मशान भूमि में शुक्रवार को एक अप्रत्याशित प्राकृतिक घटना सामने आई, जहां जंगली/घोड़ा मक्खियों ने एक महिला का अंतिम संस्कार करने गए सैकड़ों लोगों पर अचानक हमला कर दिया। इस कारण करीब 50-60 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्मशान भूमि के अंत्येष्टि स्थल पर एक महिला का अंतिम संस्कार के बाद मृतका के परिजनों सहित कस्बे के सैकड़ों लोग जैसे ही श्रद्धांजलि अर्पित कर मौके से रवाना हुए उस दौरान अंत्येष्टि स्थल के पास ही अचानक मक्खियों ने लोगों पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते स्थिति कुछ समय के लिए ऐसी बन गई कि लोगों के लिए वहां से बच कर निकलना भी कठिन हो गया, फिर भी सामाजिक दायित्व के चलते कई लोग मौके पर डटे रहे।
श्मशान भूमि में गए लोगों पर मक्खियों के हमले की जैसे कस्बे में जानकारी मिली, कई लोग वाहन लेकर मौके पर पहुंच गए। वहीं सीएचसी की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। मक्खियों के डंक से घायल कुछ लोगों को अधिक सूजन व जलन की शिकायत होने पर उन लोगों को श्रीमती मोहनी देवी चाचान राजकीय सीएचसी व एक निजी चिकित्सा सेंटर में उपचार के लिए पहुंचाया जहां पर प्राथमिक उपचार कर घायलों को छुट्टी दे दी गई।
क्या कहते हैं, समिति पदाधिकारी
श्मशान भूमि में लगे पेड़ों पर से इन घातक मधु मक्खियों के ठिकानों का हटवाने के लिए वन विभाग और नगर पालिका प्रशासन से संपर्क कर उचित कार्रवाई करेंगे ताकि भविष्य में ऐसे स्थिति पैदा होने से बचा जा सके। विद्याधर पारीक, संरक्षक श्री शिव कल्याण भूमि समिति साहवा