घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने लापता हुए युवकों की तलाश शुरू की।
सादुलपुर. तहसील के गांव कानावासी में खुशी का माहौल उस वक्त गम में बदल गया जब एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों की एसयूवी गाड़ी शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे भादरा थाना क्षेत्र के गांव अजीतपुरा पुल के नजदीक अनियंत्रित होकर रसलाना नहर में गिर गई जिसके कारण दो युवक की मौत हो गई जबकि गाड़ी में सवार दो युवक नहर के पानी में बह जाने के कारण लापता बताया जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने लापता हुए युवकों की तलाश शुरू की। बचाव अभियान के दौरान एक युवक पेड़ की टहनी में अटका हुआ पाया गया जिसके कारण युवक की जान बच गई, जबकि कानावासी गांव निवासी आशीष कुमार (24) की मौत हो गई। उसका शव गाड़ी में फंसा हुआ मिला।
वहीं, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे भादरा थाना (Bhadra Police Station) क्षेत्र के गांव उतरादा बास के नजदीक पानी में बहे एक और युवक का शव मिला है। हालांकि, शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है तथा परिजनों से शिनाख्त करवाने के बाद ही युवक की पहचान होगी।
एसयूवी में मिले मृतक के भाई व हादसे में बचे अनुराग ने वाहन चालक की लापरवाही बताते हुए भादरा थाना क्षेत्र के गांव भिरानी थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अनुराग (20) पुत्र मुकेश कुमार निवासी कानावासी सादुलपुर ने मामला दर्ज करवाकर बताया कि 20 फरवरी को गांव कानावासी निवासी विजय कुमार गोस्वामी के पुत्र कुलदीप की शादी में शामिल होकर बारात में अपने अपने साथियों के साथ गांव सागड़ा तहसील भादरा, जिला हनुमानगढ़ जा रहे थे। एसयूवी को मुकेश कुमार पुत्र नेतराम प्रजापत चला रहा था।
तलाश जारी
दर्ज मामले में बताया कि वाहन में अनुराग के साथ उसका बड़ा भाई आशीष (24) पुत्र मुकेश, आशीष (21) पुत्र रघुवीर प्रजापत तथा अमित (21) पुत्र भीमसिंह प्रजापत निवासी बैजूवा तहसील सादुलपुर सवार थे। गांव अजीतपुरा पुल के पास रसलाना नहर पार करते समय चालक ने वाहन को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और गाड़ी नहर में जा गिरी। वाहन नहर में गिरने के बाद उसमें सवार अनुराग किसी तरह पेड़ की टहनी में अटक गया और उसकी जान बच गई, जबकि उसके बड़े भाई आशीष कुमार की मौत हो गई। वहीं, समाचार लिखे जाने तक पानी के बहाव में बहे तीन युवकों की तलाश जारी थी।
दर्ज मामले में बताया कि कि पीछे से अन्य वाहनों में आ रहे बारातियों व ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और वाहन को बाहर निकाला और अनुराग को प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मृतक आशीष का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।