कांता केवल एक पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि समाज में उम्मीद और आत्मविश्वास की मजबूत आवाज बन चुकी हैं। दिन में वे अपनी टीम के साथ सड़कों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करती हैं, वहीं सोशल मीडिया पर अपनी मोटिवेशनल रील्स के जरिए हजारों लोगों को प्रेरित कर रही हैं।
जमील अहमद खान
चूरू. आज के दौर में जहां एक ओर समाज में चुनौतियां बढ़ रही हैं, वहीं कुछ लोग अपने साहस, जुनून और सकारात्मक सोच से बदलाव की नई मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक शख्सियत हैं कांता सोनगरा, जो चूरू पुलिस (Churu Police) की कालिका पेट्रोलिंग टीम (Kalika Patrolling Team ) में कार्यरत होने के साथ-साथ एक डिजिटल क्रिएटर के रूप में भी लोगों के दिलों में खास जगह बना रही हैं।
कालिका पेट्रोलिंग टीम का है हिस्सा
कांता का सफर समर्पण और संघर्ष से भरा रहा है। वर्ष 2011 में पुलिस सेवा से जुड़ने के बाद उन्होंने अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाया। 2019 में कालिका पेट्रोलिंग टीम के गठन के बाद से वे लगातार इस यूनिट का हिस्सा बनी हुई हैं और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
पीहर और ससुराल दोनों सरदारशहर
चूरू जिले की सरदारशहर तहसील की रहने वाली कांता का ससुराल भी सरदारशहर के कल्याणपुरा गांव में है। उनके पति सरपंच हैं। एक ओर वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं, वहीं दूसरी ओर अपनी चार साल की बेटी के साथ एक सशक्त महिला का उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर है सक्रिय
कांता केवल एक पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि समाज में उम्मीद और आत्मविश्वास की मजबूत आवाज बन चुकी हैं। दिन में वे अपनी टीम के साथ सड़कों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करती हैं, वहीं सोशल मीडिया पर अपनी मोटिवेशनल रील्स के जरिए हजारों लोगों को प्रेरित कर रही हैं। फेसबुक पर उनके करीब 10 हजार और इंस्टा पर लगभग 4500 फॉलोअर्स हैं, उनके विचारों और संदेशों से लगातार जुड़ रहे हैं।
90 प्रतिशत से ऊपर लाने वाले छात्रों को देती हैं चांदी का सिक्का
उनकी खास पहल शिक्षा के क्षेत्र में भी देखने को मिलती है। वे अपने गांव में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चांदी का सिक्का देकर सम्मानित करती हैं, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ रहा है और अभिभावकों में भी शिक्षा के प्रति जागरूकता आई है।
संगीत में है रुचि
संगीत में गहरी रुचि रखने वाली कांता गायन भी करती हैं और कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं, लेकिन उनका असली मिशन समाज में सकारात्मक सोच का प्रसार करना है। वे स्कूलों में जाकर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों को पहचानने और बिना डर के आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से आरती और उनकी टीम ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर यह यूनिट समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रही है।कांता सोनगरा की यह यात्रा हमें सिखाती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो एक व्यक्ति भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। वे उन सभी के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का हौसला रखते हैं। कांता न सिर्फ वर्दी में कर्तव्य निभा रही हैं, बल्कि अपने विचारों और कार्यों से समाज में नई चेतना जगा रही हैं-यह साबित करते हुए कि असली ताकत पद में नहीं, बल्कि सोच और कर्म में होती है।