चूरू

चूरू में महिला सुरक्षा को नई रफ्तार : 1090 हेल्पलाइन को मिला ‘पावर व्हीकल’, हर कॉल पर अब फौरन एक्शन

नए वाहन के साथ तैनात पुलिस टीम को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शिकायत पर बिना देरी के मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, पीड़ित महिलाओं के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार को अनिवार्य बताया गया।

2 min read
Apr 28, 2026

चूरू. जिले में महिला सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने बड़ा और प्रभावी कदम उठाया है। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने 1090 हेल्पलाइन (1090 Helpline) और महिला सुरक्षा सेवाओं को सशक्त करने के लिए विशेष रूप से एक नया वाहन आवंटित किया है, जिससे अब शिकायतों पर और तेज़ व असरदार कार्रवाई संभव हो सकेगी। इस मौके पर एसपी ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि महिला सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 1090 हेल्पलाइन महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक भरोसेमंद सहारा है, जहां हर शिकायत को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ लिया जाएगा।

‘एक कॉल—तुरंतमदद’ का लक्ष्य

नए वाहन के साथ तैनात पुलिस टीम को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शिकायत पर बिना देरी के मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, पीड़ित महिलाओं के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार को अनिवार्य बताया गया।

स्कूल-कॉलेज और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर खास नजर

गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे छेड़छाड़ और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

जागरूकता पर भी जोर

महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि समाज की भागीदारी से ही सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बन सकती है।

1090 हेल्पलाइन का होगा व्यापक प्रचार

एसपी ने 1090 हेल्पलाइन के ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि हर महिला तक यह सुविधा पहुंचे, ताकि जरूरत पड़ने पर वह बिना झिझक मदद ले सके। इस पहल से न केवल महिला सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी, बल्कि आमजन का पुलिस पर विश्वास भी और गहरा होगा। अब चूरू में सुरक्षा का पहिया और तेज़ी से दौड़ता नजर आएगा।

स्पेशल टीम की कार्रवाई, 11 और 9 साल से फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्त में

सरदारशहर. जिला स्पेशल पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहे ये आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गए।थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसआई संजय कुमार बसेरा के नेतृत्व में एएसआई मंगलसिंह राजवी की टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने सटीक सूचना और लगातार प्रयासों के बाद चोरी के मामले में करीब 11 साल से फरार रावतसर निवासी नीकू उर्फ निकिया पुत्र हंसराज बाजीगर को दबोच लिया। वहीं चेक बाउंस के मामले में 9 साल से फरार राजासर चोडिय़ा निवासी खिराजाराम पुत्र पनाराम जाट को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अलग-अलग मामलों में वर्षों से फरार चल रहे थे और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचते आ रहे थे। अब गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता भी खंगाली जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Published on:
28 Apr 2026 01:06 pm
Also Read
View All