
मृतक पति और घायल पत्नी की फोटो: पत्रिका
Accident News: चूरू जिले के सुजानगढ़ कस्बे से करीब 12 किलोमीटर दूर डूंगर बालाजी पहाड़ी पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। दर्शन के लिए जा रहे एक बुजुर्ग दंपति की कार चढ़ाई के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और दीवार व पत्थरों से टकराकर नीचे लुड़कते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नी के सामने ही पति की मौत हो गई, जिससे वह गहरे सदमे में है। हादसे के बाद पति की बालाजी के दर्शन करने की आखिरी ख्वाहिश भी अधूरी रह गई।
जानकारी के अनुसार बीदासर निवासी प्रेम रत्न सोनी (70) अपनी पत्नी सोहनी देवी (65) के साथ परिवार सहित डूंगर बालाजी के दर्शन के लिए आए थे। परिवार के अन्य सदस्य पैदल चढ़ाई कर रहे थे, जबकि बुजुर्ग दंपति कार से ऊपर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे चढ़ाई की पहली घुमावदार मोड़ पर कार असंतुलित हो गई और करीब 200 मीटर नीचे लुढ़कते हुए गेट के पास दीवार और पत्थरों से टकराकर रुक गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और “टीम हारे का सहारा” के संयोजक श्याम स्वर्णकार ने दोनों घायलों को तुरंत सुजानगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रेम रत्न सोनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में सोहनी देवी को हायर सेंटर रेफर किया गया।
सूचना पर सदर पुलिस के हेड कांस्टेबल हरफूल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के पुत्र मनोज की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरा हादसा पुलिस चौकी कातर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार ईयारा और सड्ड के बीच बनी डामर सड़क पर बाइक और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मेंनसर निवासी भवानीसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सांडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सांडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Published on:
27 Apr 2026 12:04 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
