10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Churu Crime: जमीन से निकले लाखों रुपए के गहने, रिमांड में शातिर चोर ने उगला राज, 2 घरों में की थी चोरी

Theft Case In Churu: चूरू के सादुलपुर में दो मकानों से लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अधिकांश माल बरामद कर लिया है। चोरी के गहने जमीन में दबाकर छिपाए गए थे।

2 min read
Google source verification

चूरू

image

Rakesh Mishra

Jun 10, 2026

Churu Crime News

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

चूरू। सादुलपुर के निकटवर्ती आदर्श सैनिक गांव में एक ही रात दो मकानों में करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया है। आरोपी ने वारदात के बाद गांव की रोही में जमीन खोदकर जेवरात दबा दिए थे। पुलिस ने पांच दिन के रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर गहने बरामद कर लिए। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

यह वीडियो भी देखें

थानाधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने वारदात के बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से महज 12 घंटे में आरोपी नीरज (40) पुत्र हवासिंह निवासी फरमाणा, जिला रोहतक (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस चोरी की मोटरसाइकिल भी पहले ही बरामद कर चुकी है।

जमीन में दबे मिले लाखों के जेवरात

प्रकरण की जांच कर रहे एसआई कमलेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस दल ने आरोपी की निशानदेही पर गांव में जमीन खोदकर छिपाए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद जेवरातों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में सोने का कड़ा, पुरुष एवं महिला अंगूठियां, हमेल, चैन, लॉकेट, रखड़ी, झुमके, नोजपिन सहित कई आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी की पांच जोड़ी पाजेब, चांदी की चैन, दो सिक्के, चार जोड़ी बिछुए, चांदी की अंगूठियां और चांदी की मूर्ति भी बरामद की गई है।

15 साल में 48 से ज्यादा मुकदमे

जांच में सामने आया कि आरोपी नीरज आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2013 से 2024 के बीच हरियाणा के रोहतक, हिसार, जींद, भिवानी और दादरी जिलों के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, घर में घुसकर चोरी और फरारी समेत 48 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब राजस्थान सहित अन्य राज्यों में उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस टीम की सराहना, अभियान रहेगा जारी

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने मामले का त्वरित खुलासा कर चोरी का माल बरामद करने वाली टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। एक ही रात में दो घरों में हुई बड़ी चोरी का खुलासा कर लाखों रुपए के जेवरात बरामद करना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। यह कार्रवाई एएसपी रिछपाल चारण और सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटिल के पर्यवेक्षण में की गई।

यह था मामला

गांव पहाड़सर निवासी ओमप्रकाश जाट और विनोद कुमार पूनियां ने 4 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 जून की मध्यरात्रि को अज्ञात चोरों ने दोनों मकानों को निशाना बनाया। एक घर से सोने का कड़ा और अंगूठियां चोरी की गईं, जबकि दूसरे घर से मंगलसूत्र, रानीहार, मांगटीका, चैन, लॉकेट, रखड़ी, झुमके, पाजेब सहित बड़ी मात्रा में जेवरात और एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच गई।

इनका कहना है

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मामले में गांव की रोही में छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के जेवरात पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

  • राजेश कुमार सिहाग, थाना अधिकारी, सादुलपुर