
मामले की जानकारी देती पुलिस व इनसेट में बरामद हथियार। फोटो: पत्रिका
चूरू। दिल्ली से अपहृत एक युवक को राजस्थान के चूरू जिले से सकुशल छुड़ाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने युवक के परिजनों से उसकी रिहाई के बदले 1.20 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की थी। अब पुलिस अपहरण के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार तारानगर उपखंड क्षेत्र की भालेरी थाना पुलिस ने दिल्ली से अपहृत युवक को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया। साथ ही तीन बदमाशों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए है। कार्रवाई के दौरान दो थार जीप, फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल भी बरामद किए। मामले में फिरौती के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपए मांगने का खुलासा हुआ है।
चूरू जिले के भालेरी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों के हथियारों के साथ घूमने की सूचना मिलने पर थानाधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने ग्रीन सिटी कॉलोनी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गुलाबसिंह उर्फ गुलाबो, सुखबीर उर्फ टोनी और जयप्रकाश उर्फ जेपी को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके साथी अनिल कुमार और राजवीर ने दिल्ली निवासी राघव ओबराय का अपहरण कर परिजनों से 1.20 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की दूसरी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों के कब्जे से युवक को सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस ने मौके से अपहरण में प्रयुक्त दो एसयूवी जीप, फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरोह के नेटवर्क और वारदात की पूरी साजिश की जांच की जा रही है।
एसपी निश्चय प्रसाद ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। एएसपी रिछपाल सिंह चारण और डीएसपी रोहित सांखला के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं थानाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि अवैध हथियार रखने और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
24 Jul 2026 06:44 am
Published on:
24 Jul 2026 06:44 am
