Churu Fraud Case: चूरू शहर में एक दुकानदार को सोने का झूमर बेचने के नाम पर 5 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने रामगढ़ की एक पुरानी हवेली से सोने का झूमर मिलने की कहानी गढ़कर दुकानदार का विश्वास जीता और बाद में नकली धातु का झूमर 5 लाख रुपए में बेचकर फरार हो गए।
Churu Fraud Case: चूरू शहर में एक दुकानदार को सोने का झूमर बेचने के नाम पर 5 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने रामगढ़ की एक पुरानी हवेली से सोने का झूमर मिलने की कहानी गढ़कर दुकानदार का विश्वास जीता और बाद में नकली धातु का झूमर 5 लाख रुपए में बेचकर फरार हो गए। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओम कॉलोनी निवासी पवन कुमार, जिनकी नई सड़क पर जूते-चप्पलों की दुकान है, करीब 10 दिन पहले अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और खुद को पाली जिले के समीप एक गांव का निवासी तथा मजदूर बताया। उसने अपना नाम रामेश्वर बताया और बातचीत के दौरान दुकानदार से पहचान बढ़ा ली।
कुछ दिनों बाद रामेश्वर अपने एक साथी के साथ फिर दुकान पर पहुंचा। उसने बताया कि वे रामगढ़ क्षेत्र की एक पुरानी हवेली को तोड़ने का काम कर रहे थे, जहां उन्हें सोने का एक झूमर मिला है। अपनी बात पर भरोसा दिलाने के लिए उसने झूमर का एक छोटा टुकड़ा पवन कुमार को जांच के लिए दिया। पवन कुमार ने वह टुकड़ा एक सुनार से जांच करवाया, जहां वह असली सोना निकला। इसके बाद दुकानदार का विश्वास पूरी तरह जीत लिया गया।
आरोपियों ने करीब 500 ग्राम वजनी झूमर को असली सोना बताकर 5 लाख रुपए में बेच दिया। सौदा होने के बाद पवन कुमार ने झूमर की दोबारा जांच करवाई तो सच्चाई सामने आ गई। जांच में पता चला कि झूमर नकली धातु का बना हुआ है और केवल जांच के लिए दिया गया छोटा टुकड़ा ही असली सोने का था। पीड़ित ने ठगी के आरोपियों को शहर में कई स्थानों पर तलाशा लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। तब जाकर उसने पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती बताई।
ठगी का अहसास होने पर पवन कुमार कोतवाली पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।