चूरू

इस जिले के 21 पुलिस थानों की कार्यप्रणाली की होगी सघन समीक्षा, फरवरी में हर दो दिन में एक थाने का एसपी करेंगे औचक निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान थानों में दर्ज मामलों, लंबित जन शिकायतों, अपराधों की जांच की स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही रोजनामचा, रिकॉर्ड संधारण और थाने के दैनिक कार्यों को भी परखा जाएगा।

less than 1 minute read
Feb 04, 2026
राजस्थान पुलिस मुख्यालय (फोटो-पत्रिका)

चूरू. जिले के सभी 21 पुलिस थानों की कार्यप्रणाली की फरवरी माह में सघन समीक्षा की जाएगी। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव की ओर से हर दो दिन में कम से कम एक पुलिस थाने का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण का उद्देश्य थानों के कामकाज को बेहतर बनाना और आमजन को अधिक सुविधाजनक पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। मंगलवार को मिली जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान थानों में दर्ज मामलों, लंबित जन शिकायतों, अपराधों की जांच की स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही रोजनामचा, रिकॉर्ड संधारण और थाने के दैनिक कार्यों को भी परखा जाएगा।

थाना परिसर और स्वागत कक्ष की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि थाने में आने वाले लोगों को परेशानी न हो। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जांच की जाएगी। उनके लिए बने विश्राम कक्ष, शौचालय और सुरक्षित कार्य वातावरण को निरीक्षण में शामिल किया गया है।

निरीक्षण के दौरान थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनके संचालन और रख-रखाव की भी जांच होगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता को मजबूत किया जा सकेगा। यह निरीक्षण अभियान पुलिस मुख्यालय (Rajasthan Police Headquarter) के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के सभी 21 पुलिस थाने साफ-सुथरे, सुव्यवस्थित, महिला पुलिस के लिए अनुकूल और आमजन के लिए भरोसेमंद जनमित्र थानों के रूप में विकसित हों।

Published on:
04 Feb 2026 12:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर