चूरू. अंचल में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए, हवाए चली, दोपहर को बूंदाबांदी हुई। साहवा में सोमवार दोपहर हुई बूंदाबांदी के दौरान खेत में फसल की कटाई कर रही एक वरिष्ठ महिला पर आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने से उसकी मौत हो गई। अंचल में कई जगहों पर मेघ गर्जना […]
चूरू. अंचल में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए, हवाए चली, दोपहर को बूंदाबांदी हुई। साहवा में सोमवार दोपहर हुई बूंदाबांदी के दौरान खेत में फसल की कटाई कर रही एक वरिष्ठ महिला पर आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने से उसकी मौत हो गई। अंचल में कई जगहों पर मेघ गर्जना के साथ बूंदाबांदी हुई। जिले में कहीं कहीं रुक रुक कर बूंदाबांदी हुई। बरसाती मौसम के कारण तापमापी पारा गिरा, मौसम विभाग ने न्यूनतम 22.2 तथा अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस किया। शाम 5 बजे तक चूरू में 1 मिमी बारिश हुई।
कटी हुए फसल सुरक्षित रखने में जुटे किसान
रबी सीजन की पकी हुई सरसो, चने आदि फसल की जहां कटाई चल रही है वहीं जिन खेतों में फसल कटी हुई है उन्हें सुरक्षित रखने में किसान दिनभर जुटे रहे। जिले के सादुलपुर, तारानगर, चूरू, सरदारशहर, रतनगढ़, सिधमुख, भानीपुरा आदि क्षेत्र में रबी की पकी फसलों की कटाई चल रही है। कहीं कहीं फसलों की कटाई अंतिम चरण में है तो कहीं पर आधे के करीब कटाई का कार्य हुआ है। खेतों में कटी हुई फसले ढेरियों में पड़ी है तो खलिहाल में एकत्रित की हुई फसल पड़ी है। खलिहान में एकत्रित की गई फसल तो फिर भी सुरक्षित रखी जा सकती है लेकिन अलग अलग ढेरियों में कटी फसल को सुरक्षित कैसे रखी जाए यह एक चुनौती बनी हुई है।
मौसम अपडेट
मौसम केन्द्र के अनुसार ्30 मार्च को विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना रहा। 31 मार्च को भी शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 1-2 अप्रैल को छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन व बूंदाबांदी तथा ज्यादातर स्थानों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 3-5 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पुनः राज्य के कई भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
विशेष कृषि मौसम सलाह
कृष्कों को दी गई विशेष कृषि सलाह में कहा गया है कि किसान खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों को सुरक्षित रखें, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
साहवा में कड़की बिजली महिला पर गिरी
साहवा. कस्बे में सोमवार दोपहर बूंदाबांदी के दौरान अपने खेत में फसल की कटाई कर रही एक बुजुर्ग महिला पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाधिकारी शंकरलाल भारी के अनुसार मुकेश सहू पुत्र बजरंगलाल सहू निवासी साहवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके नाना-नानी खेत में फसल की कटाई कर रहे थे। दोपहर में मौसम अचानक खराब हो गया और बूंदाबांदी शुरू हुई। इसी दौरान उनकी नानी तुलसी देवी (70), पत्नी दाताराम ऐचरा पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उन्हें उपचार के लिए मोहनी देवी चाचान राजकीय सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एएसआई विनोद कुमार सीएचसी पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी
सादुलपुर. मौसम के बदले मिजाज के साथ ही सोमवार को धूलभरी आंधी के साथ बूंदाबांदी होने से मौसम तो सुहावना हो गया लेकिन इससे किसानों की चिंता बढ़ गई। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर आसमान में बादल छा गए और हल्की धूल भरी आंधी के साथ छिटपुट बूंदाबांदी शुरू हो गई। दोपहर बाद फिर हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। बूंदाबांदी से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिन किसानों ने चना एवं सरसों की फसल काटकर खुले में रखी हुई है, वे संभावित बारिश व आंधी को लेकर चिंतित नजर आए। ग्रामीण किसानों ने बताया कि गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है।
हल्की बूंदाबांदी हुई
तारानगर. क्षेत्र में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। आसमान में बादल छाए रहने व रुक रुक कर हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बूंदाबांदी से सड़कों पर कीचड़ फैल गया जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।