क्रिकेट

Arshdeep Singh को टी20 वर्ल्‍ड कप में धमाकेदार प्रदर्शन के लिए मिलेगा बड़ा तोहफा, सामने आई ये रिपोर्ट

Arshdeep Singh Test Debut: अर्शदीप सिंह को T20 वर्ल्‍ड कप 2024 में धमाकेदार प्रदर्शन करने के लिए टेस्‍ट क्रिकेट में डेब्‍यू का बड़ा तोहफा मिल सकता है। भारतीय चयनकर्ता अर्शदीप को टेस्ट टीम में शामिल करने के लिए उत्सुक हैं और उन्हें रेड-बॉल टीम में शामिल करने के बारे में भी बातचीत चल रही है।

2 min read

Arshdeep Singh Test Debut: अर्शदीप सिंह को T20 वर्ल्‍ड कप 2024 में भारत के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने के लिए बड़ा तोहफा मिल सकता है। अर्शदीप ने टूर्नामेंट के दौरान रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम के लिए सभी आठ मैचों में खेलते हुए 17 विकेट चटकाए और टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। 17 साल बाद भारत को फिर से T20 विश्व कप जिताने में मदद करने के बाद पंजाब के 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने भविष्य में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई। जिसके बाद भारतीय सेलेक्‍टर्स ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

भारतीय चयनकर्ता अर्शदीप को टेस्ट टीम में शामिल करने के लिए उत्सुक

दरअसल, वर्ल्‍ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के तहत भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्‍कर सीरीज खेली जाएगी। टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय चयनकर्ता अर्शदीप को टेस्ट टीम में शामिल करने के लिए उत्सुक हैं और उन्हें रेड-बॉल टीम में शामिल करने के बारे में भी बातचीत चल रही है।

बुमराह के साथ भारत के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं अर्शदीप

अर्शदीप ने भारत के लिए व्हाइट-बॉल मैचों में काफी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए उन्हें 5 सितंबर से दलीप ट्रॉफी से शुरू होने वाले कुछ घरेलू रेड-बॉल गेम खेलने के लिए कहा जा सकता है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया कि इस बात की पूरी संभावना है कि वह ऑस्ट्रेलिया में जसप्रीत बुमराह के साथ भारत के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं।

भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा 22 नवंबर से

वर्ल्‍ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के तहत भारतीय टीम ऑस्‍ट्रेलिया की मेजबानी में पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्‍कर सीरीज खेलेगी। इस सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर को पर्थ में खेला जाएगा। भारत-आस्ट्रेलियाई धरती पर खेली गई पिछली दो टेस्ट सीरीज में जीत हासिल करने वाली भारतीय टीम इस बार जीत की हैट्रिक पूरी करने के इरादे से उतरेगी।

Published on:
25 Jul 2024 11:51 am
Also Read
View All

अगली खबर