
युवा क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी गरिमा तिवारी (photo - itsgarimatiwari/Instagram)
युवा क्रिकेटर अमित मिश्रा एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। अमित मिश्रा की पत्नी और मॉडल गरिमा तिवारी ने अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट में मिश्रा और उनके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गरिमा ने परिवार पर दहेज के लिए शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और खुदकुशी के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बता दें कि यह भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा नहीं हैं। यह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेलने वाले एक अन्य युवा क्रिकेटर हैं, जो वर्तमान में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी भी हैं। फीलखाना निवासी गरिमा तिवारी ने कोर्ट में पति अमित मिश्रा, सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकान्त मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी रितु मिश्रा, ननद स्वाती मिश्रा के खिलाफ परिवाद दाखिल किया है।
शिकायत में कहा गया है कि 26 अप्रैल 2021 को रेलबाजार थानांतर्गत मीरपुर कैंट निवासी अमित मिश्रा से उनकी शादी कानपुर क्लब में हुई थी। ससुराल वाले दहेज में एक हांडा सिटी कार व 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। काफी मनाने के बाद ढाई लाख रुपये दिए तब विदाई हो सकी। इसके बाद उन्हें किदवई नगर आरबीआई कॉलोनी ले जाया गया, जहां पति, सास-ससुर, ननद, जेठ-जेठानी ने शादी में कम सामान दिये जाने का ताना दिया। अतिरिक्त दहेज में हांडा सिटी कार व रुपयों की मांग की।
इसके बाद ससुराल वाले और दहेज के लिए दवाब बनाने लगे। गरिमा ने कहा कि मॉडलिंग से जो भी पैसे मिलते थे अमित उसे छीन लेता था। अपने खाते मे भी पैसे ट्रांसफर करवाता था। आए दिन शराब पीकर गाली गलौज व मारपीट करता। भूखा रखता और तलाक की धमकी देता था।
गरिमा ने आगे कहा कि मेरे सामने ही दूसरी लड़कियों से फोन पर उल्टी सीधी बातें करता था, इंस्टाग्राम में मैसेज भी करता था। इस प्रताड़ना की वजह से गरिमा डिप्रेशन में चली गईं और उन्हें अपना करियर छोड़ना पड़ा। मानसिक तनाव के चलते उन्होंने एक बार फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश भी की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
गरिमा ने आगे कहा कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण मार्च 2024 में ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया था। गरिमा व उसके माता पिता ने कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन वह लोग दहेज की मांग पर अड़े हैं। उसे शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, लैंगिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अभी भी लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
गरिमा के अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि गरिमा ने फीलखाना थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया। कार्रवाई न होने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजे। कई महीनों तक वह थाने के चक्कर काटती रही लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तब कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है। बता दें कि अमित पर यह तीसरा केस है। इससे पहले गरिमा ने 2025 में घरेलू हिंसा और 50,000 रुपये मासिक भत्ते व 1 करोड़ रुपये के मुआवजे के लिए रखरखाव याचिका दायर की थी।
Published on:
10 Mar 2026 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
