क्रिकेट

Tanzid Hasan ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 23 साल बाद रचा इतिहास, टेस्ट शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बने

Aus vs Ban 1st Test Day 2: ऑस्‍ट्रेलिया बनाम बांग्‍लादेश डार्विन टेस्‍ट में तंजीद हसन तमीम ने इतिहास रच दिया है। अपने पहले टेस्‍ट शतक के साथ वह ऑस्‍ट्रेलिया की धरती पर शतक जड़ने वाले पहले बांग्‍लादेशी खिलाड़ी बन गए हैं।
2 min read
Aug 14, 2026
Aus vs Ban 1st Test Day 2, tanzid hasan tamim maiden hundred,
बांग्‍लादेशी बल्‍लेबाज तंजीद हसन तमीम। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BDCricTime)

Tanzid Hasan Tamim Maiden Hundred: ऑस्‍ट्रेलिया और बांग्‍लादेश के बीच दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन के मारारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। ऑस्‍ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में महज 198 रन बनाए। इसके जवाब में मेहमान बांग्‍लादेश टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 230 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। बांग्‍लादेश की इस पारी में तंजीद हसन तमीम का अहम योगदान रहा है, जिन्‍होंने दूसरे ही टेस्‍ट में अपना पहला टेस्‍ट शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया है। ऑस्‍ट्रेलिया की धरती पर किसी बांग्‍लादेशी खिलाड़ी का यह पहला शतक है। बता दें कि बांग्‍लादेश ने ऑस्‍ट्रेलिया में अपना पहला टेस्‍ट जुलाई 2003 में डार्विन के इसी मैदान पर खेला था। तब से लेकर अब तक बांग्‍लादेश ने ऑस्‍ट्रेलिया में कई टेस्‍ट खेले, लेकिन किसी बल्‍लेबाज ने अब जाकर पहला शतक लगाया है।

खराब शुरुआत के बाद बांग्‍लादेश की शानदार वापसी

बांग्लादेश की पहली पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शादमान इस्लाम 30 गेंदों का सामना करने के बाद 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और मोमिनुल हक ने दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। दूसरे विकेट के लिए दोनों मिलकर 60 रनों की अटूट साझेदारी की। पहले दिन स्‍टंप तक तंजीद 32 रन और मोमिनुल 35 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एकमात्र विकेट मिचेल स्टार्क ने चटकाया है।

तंजीद ने शतक तो शांतो ने जड़ा अर्धशतक

इसके बाद दूसरे दिन शुक्रवार को भी बांग्‍लादेश की टीम मेजबान टीम पर हावी रही। 138 के स्‍कोर पर उसे दूसरा झटका मोमिनुल के रूप में लगा वह 49 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद बांग्‍लादेश ने 33 रन की बढ़त बनाते हुए 231 रन बनाए थे कि उसे तीसरा सबसे बड़ा झटका तंजीद हसन के रूप में लगा, जो कि अपना पहला टेस्‍ट शतक बनाकर आउट हुए।

तंजीद ने 197 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों और एक छक्‍के की मदद से 101 रन की शानदार पारी खेली। फिलहाल बांग्‍लादेश का स्‍कोर 67 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 238 रन है। नजमुल हुसैन शांतो 52 और मुश्फिकुर रहीम पांच रन बनाकर खेल रहे हैं। इस तरह बांग्‍लादेश की बढ़त अब 40 रन की हो गई है।

Updated on:
14 Aug 2026 10:04 am
Published on:
14 Aug 2026 09:44 am