
Babar Azam Captaincy: पाकिस्तान की टीम फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसका पहला मुकाबला तारौबा के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट के बीच पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने वाले बाबर आजम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट की मानें तो बाबर ने यूं ही कप्तान बनने का पीसीबी के चयनकर्ताओं का फैसला स्वीकार किया है। उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कप्तान बनाए जाने की शर्त बोर्ड के समक्ष रखी थी।
दरअसल, टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट में बताया गया है कि 5 जुलाई को पाकिस्तान टेस्ट के कप्तान के नाम की घोषणा करने से पहले पीसीबी के दो चयनकर्ताओं ने बाबर आजम से मुलाकात की थी। क्योंकि उनके पास बाबर आजम के अलावा अन्य कोई टेस्ट टीम की कप्तानी का ऑप्शन नहीं था। उनके सामने बाबर ने तीनों फॉर्मेट में कप्तानी करने शर्त रखी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि बाबर आजम हमेशा से तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान टीम के कप्तान बनना चाहते थे। बाबर ने टेस्ट कप्तान बनने से पूर्व जब तीनों फॉर्मेट का कप्तान बनाने की शर्त रखी, तो चयनकर्ताओं ने कहा कि वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में प्रदर्शन अच्छा रहता है, तो उन्हें सभी फॉर्मेट का कप्तान बना दिया जाएगा।
बता दें कि फिलहाल पाकिस्तान वनडे टीम की कमान तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के पास है। हालांकि उनकी कप्तानी में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन बेहद ही निराशाजनक रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 2024 में खराब प्रदर्शन के चलते उनसे टी20 टीम की कमान छीन ली गई थी। सलमान अली आगा टी20 फॉर्मेट के मौजूदा कप्तान हैं। बताया जा रहा है कि टेस्ट टीम की कप्तानी के लिए चयनकर्ताओं ने सलमान आगा से भी संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
दरअसल, बाबर आजम से पहले शान मसूद पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान थे। दिसंबर 2023 से मसूद की अगुवाई में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें से 12 मैचों में पाकिस्तान को हार का मुंह देखना पड़ा। पीसीबी ने मसूद को टेस्ट के कप्तान से हटाने से पहले दो महीने का इंतजार किया और अब जाकर बाबर को कमान सौंपी है।