
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर। (Photo- IANS)
India vs New Zealand: रविवार को भारतीय टीम हैमिल्टन में टी20 सीरीज के 5वें मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार गई। इस हार के बावजूद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर टीम के प्रदर्शन से खुश हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-2 से जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और पूरी टीम की जमकर तारीफ की है। टीम इंडिया ने शुरुआती तीन मैचों में जीत हासिल कर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। हालांकि, अगले दो मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद से भारत को बहुत कम मौकों पर मुख्य गेंदबाजों वाली गेंदबाजी लाइनअप के साथ खेलने का मौका मिला है। क्योंकि टीम मैनेजमेंट वनडे वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। न्यूजीलैंड सीरीज में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ी नहीं खेले। भारत की गेंदबाजी कमजोर थी। इसके बावजूद भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सीरीज अपने नाम की। पांचवें टी20 में मिली 7 विकेट से हार के बाद कोच गौतम गंभीर ने टीम को सीरीज में जीत दिलाने के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर की तारीफ की।
गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जब श्रेयस ने कप्तानी संभाली तो उन्हें एक बहुत ही सफल टीम मिली थी। एक ऐसी टीम जिसने टी20 वर्ल्ड कप जीता था और पिछले दो सालों में कोई टी20 सीरीज नहीं हारी थी। वर्ल्ड कप के बाद हमारे सामने काफी मजबूत टीमें थीं। सबसे अहम बात यह है कि हमने कई नए खिलाड़ियों को भी मौका दिया। हमारे पास अनुभव की काफी कमी थी, खासकर तब जब इंग्लैंड और न्यूजीलैंड में खेलने गए।"
उन्होंने आगे कहा, "हालांकि, यह एक बेहतरीन मौका भी है। अगर आप अगले वर्ल्ड कप के लिए टीम तैयार करने के बारे में सोच रहे हैं, तो आपको युवा खिलाड़ियों को मौका देना होगा और उन्हें लगातार खेलते हुए तैयार करना होगा। वर्ल्ड कप के दौरान और उसके बाद हमारी गेंदबाजी लाइनअप में जो अनुभव था, उसे देखते हुए यह हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मुझे लगता है कि श्रेयस ने बहुत ही शानदार काम किया है, खासकर तब जब उनके पास गेंदबाजी लाइनअप में अनुभव की इतनी कमी थी। एक कप्तान के तौर पर आपकी सफलता काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि आपके गेंदबाज और बल्लेबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं। एक अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के साथ मुझे लगता है कि उन्होंने बेहतरीन काम किया है।"
Updated on:
1 Nov 2026, 9:35 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 8:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.