
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर। (Photo- IANS)
Mitchell Santner on NZ vs IND T20I Series: भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 3-2 से मिली हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का दर्द छलक उठा। उन्होंने अहम बयान देते हुए कहा कि शुरुआती दो मुकाबलों में उनकी टीम के पास जीतने के अच्छे मौके थे। यदि हम उन मौकों को भुना लेते तो सीरीज का नतीजा कुछ और ही हो सकता था। बता दें कि न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन के सेडन पार्क में रविवार को खेले गए सीरीज के आखिरी टी20I मैच में भारत को 7 विकेट से हराया। हालांकि भारतीय टीम टी20I सीरीज 3-2 से अपने नाम करने में कामयाब रही।
मैच की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, 'यह एक मजबूत टीम के खिलाफ बेहद रोमाचंक सीरीज थी। शुरुआती दो मैचों में कुछ ऐसे मौके आए, जहां हम जीत हासिल कर सकते थे। शायद हमें वे मुकाबले जीतने चाहिए थे। यदि ऐसा कर पाने में कामयाब रहते तो सीरीज की कहानी कुछ और होती। नतीजा हमारे पक्ष में भी हो सकता था।'
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने आखिरी मुकाबले में अपनी टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की साझेदारी के बाद हमारे गेंदबाजों ने अपनी रणनीति बदली। तेज गेंदबाजों ने यॉर्कर, वाइड और सीधी गेंदों का इस्तेमाल किया। सैंटनर ने इसे टीम के लिए अच्छा सीखने का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस सीरीज से उनकी टीम को काफी कुछ सीखने को मिला। अगली बार इसी समय के आसपास ऐसी परिस्थितियों में खेलने का मौका विश्व कप के दौरान मिल सकता है।
मिचेल सैंटनर ने अपनी टीम गेंदबाजों पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा, 'व्यस्त कार्यक्रम के कारण टीम में काफी बदलाव हुए। इससे नए और कम खेलने वाले खिलाड़ियों को मौका मिला। इन खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इससे उनकी टीम की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत हुई है। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स की बल्लेबाजी की भी जमकर तारीफ की। मिचेल सेंटनर ने कहा कि फिलिप्स हर मैच में खुद को समय देते हैं और फिर आक्रामक शॉट खेलते हैं। उन्होंने पूरी सीरीज में टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया।
न्यूजीलैंड ने सीरीज के आखिरी टी20I में भारत से मिले 192 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में तीन विकेट पर हासिल कर लिया। टिम सीफर्ट ने 50 गेंदों में 93 रन बनाए। वहीं, ग्लेन फिलिप्स 38 गेंदों में 65 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी हुई।
इससे पहले भारत ने आठ विकेट पर 191 रन बनाए थे। ईशान किशन ने 31 गेंदों में 61 और श्रेयस अय्यर ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए। नमन धीर ने 33 और नितीश कुमार रेड्डी ने 22 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के एडम मिल्ने ने 19 रन देकर 4 विकेट लिए।
Updated on:
1 Nov 2026, 6:21 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 6:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.