
भारत के खिलाफ बल्लेबाजी करते टिम सीफर्ट। (फोटो सोर्स: info)
India vs New Zealand 5th T20I Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज भारत ने 3-2 से जीत ली है। वहीं, हैमिल्टन के सेडान पार्क में खेले गए 5वें और आखिरी मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सम्मान बचा लिया है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। इसके जवाब में कीवी टीम ने 18 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाते हुए लगातार दूसरी जीत हासिल की। भारत की ओर से जहां ईशान किशन ने महज 32 गेंदों पर पांच चौके और पांच छक्कों की मदद से 61 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 23 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की सहायता से 50 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। जबकि न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने 49 गेंदों पर 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से 93 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 38 गेंदों पर 65 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। भारत ने सिर्फ 19 के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर अभिषेक शर्मा (1) और संजू सैमसन (4) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद ईशान किशन का साथ देने कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर उतरे और इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 93 रन की अहम साझेदारी हुई। ईशान किशन अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 रन पूरे करने के बाद 32 गेंदों पर 61 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलकर आउट हुए। फिर 123 के स्कोर पर चौथा झटका अय्यर के रूप में लगा।
उन्होंने 23 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और टीम 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही स्कोर बोर्ड पर लगा सकी। न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा चार विकेट एडम मिल्ने ने लिए।
192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। उसने महज 9 के स्कोर पर अपना पहला विकेट फिन एलन (2) के रूप में गंवा दिया। इसके बाद टिम सीफर्ट और डेरिल मिचेल के बीच दूसरे विकेट लिए 42 गेंदों पर 73 रन की साझेदारी हुई। मिचेल 16 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके सीफर्ट और ग्लेन फिलिप्स के बीच 42 गेंदों पर 86 रन की साझेदारी हुई और मैच पूरी तरह से न्यूजीलैंड की ओर झुक गया।
सीफर्ट ने 49 गेंदों पर 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से 93 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद ग्लेन फिलिप्स ने भी अपना अर्धशतक पूरा करते हुए दो ओवर शेष रहते टीम की जीत सुनिश्चित की। फिलिप्स ने 38 गेंदों पर 8 चौके और तीन छक्कों के साथ नाबाद 65 रन और बेवॉन जैकब्स एक रन पर नाबाद रहे।
Updated on:
1 Nov 2026, 4:31 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 4:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.