
BAN vs IRE, 2nd Test: बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में बांग्लादेश के अनुभवी क्रिकेटर मुशफिकुर रहीम (Mushfiqur Rahim) के पास अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करने का सुनहरा मौका है।
दरअसल, आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरने के साथ मुशफिकुर रहीम बांग्लादेश के पहले क्रिकेटर बन गए हैं, जिनके नाम 100 टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड है। हालांकि उनके पास अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाने का मौका है। यदि वह गुरुवार को आयरलैंड के खिलाफ अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक लगा लेते हैं तो ऐसा करने वाले एशिया के तीसरे और दुनिया के 11वें क्रिकेटर बन जाएंगे। ध्यान रहे कि भारत का कोई भी क्रिकेटर अपने 100वें टेस्ट मैच में सेंचुरी नहीं लगा सका है।
| क्रिकेटर | रन | टीम | विरोधी टीम | मैच तारीख |
| कॉलिन क्राउडे | 104 | इंग्लैंड | ऑस्ट्रेलिया | 11 जुलाई 1968 |
| जावेद मियांदाद | 145 | पाकिस्तान | भारत | 1 दिसंबर 1989 |
| गॉर्डन ग्रिनिज | 149 | वेस्टइंडीज | इंग्लैंड | 12 अप्रैल 1990 |
| एलेक जेम्स स्टीवर्ट | 105 | इंग्लैंड | वेस्टइंडीज | 3 अगस्त 2000 |
| इंजमाम-उल-हक | 184 | पाकिस्तान | भारत | 24 मार्च 2005 |
| रिकी पोंटिंग | 120 | ऑस्ट्रेलिया | दक्षिण अफ्रीका | 2 जनवरी 2006 |
| रिकी पोंटिंग | 143* | ऑस्ट्रेलिया | दक्षिण अफ्रीका | 2 जनवरी 2006 |
| ग्रीम स्मिथ | 131 | दक्षिण अफ्रीका | इंग्लैंड | 19 जुलाई 2012 |
| हाशिम अमला | 134 | दक्षिण अफ्रीका | जोहान्सबर्ग | 12 जनवरी 2017 |
| जो रूट | 218 | इंग्लैंड | भारत | 5 फरवरी 2021 |
| डेविड वार्नर | 200 | ऑस्ट्रेलिया | दक्षिण अफ्रीका | 26 दिसंबर 2022 |
बांग्लादेश ने आयरलैंड के खिलाफ टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 292 रन बना लिए थे। पहले दिन स्टंप्स के समय क्रीज पर मुशफिकुर रहीम और लिटन दास जमे हुए हैं। लिटन दास जहां 44 रन बनाकर नॉटआउट हैं, वहीं मुशफिकुर रहीम 99 रन बनाकर टिके हुए हैं। मुशफिकुर रहीम के पास अपने 100वें टेस्ट में शतक लगाने के लिए गुरुवार को सिर्फ एक रन की दरकार है।