क्रिकेट

CAXI vs IND: एक बार फिर फेल हुए राहुल तो कोच बांगड़ ने दे डाली ये सलाह

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI और भारत के बीच चल रहे अभ्यास मैच में लोकेश राहुल के अलावा शुरूआती 6 बल्लेबाजों में 5 ने अर्धशतक जमाए हैं।
less than 1 minute read
Nov 30, 2018
LOKESH RAHUL
CAXI vs IND: एक बार फिर फेल हुए राहुल तो कोच बांगड़ ने दे डाली ये सलाह

नई दिल्ली।भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने कहा है कि टीम में अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते लोकेश राहुल को जिम्मेदारी से खेलना चाहिए। राहुल यहां क्रिकेट आस्ट्रेलिया एकादश के खिलाफ जारी चार दिवसीय अभ्यास मैच के तीसरे दिन गुरुवार को एकमात्र बल्लेबाज रहे जो मात्र तीन बनाकर आउट हो गए। राहुल को छोड़कर पांच भारतीय बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए।


युवा खिलाड़ी नहीं रहे राहुल-
बांगड़ ने मैच के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, "वह (राहुल) अब युवा खिलाड़ी नहीं रह गए और उनका यह दूसरा दौरा है। वह 30 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और उनकी एक जिम्मेदारी हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वह जिम्मेदारी के साथ खेलें और टीम के लिए अपनी भूमिका निभाएं।" उन्होंने कहा, "वह पूरी तरह अच्छे दिख रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि वह अलग-अलग तरीके से आउट हो रहे हैं। आज भी गेंद काफी दूर थी, जब इसे अपने शरीर से दूर खेलने का प्रयास करते हुए राहुल अपना विकेट गंवा बैठे। वह फॉर्म से केवल एक अच्छी पारी दूर हैं।"


छठे नंबर के भी दावेदार राहुल-
कोच ने कहा कि छह दिसंबर से एडिलेड में शुरू हो रहे पहले टेस्ट में बल्लेबाजी के लिए सलामी जोड़ी तथा छठे नंबर के स्थान के लिए वह दावेदारी पेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "दूसरी पारी से बल्लेबाजी क्रम का संयोजन तय करने में मदद मिलेगी जिसमें शुरुआती और छठे स्थान के लिए राहुल और मुरली विजय दौड़ में होंगे।" बांगड़ ने कहा, "हम शुरुआती स्थान और छठे नंबर के स्थान के लिए खिलाड़ी चाहते हैं। अभी तक हमने इन स्थानों पर फैसला नहीं किया है।"

Published on:
30 Nov 2018 10:12 am