क्रिकेट

Cricketer S Sreesanth’s father dies: पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंत के पिता का निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

पूर्व भारतीय क्रिकेटर s sreesanth के पिता वी शांताकुमारन नायर का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कोच्चि के लिसी अस्पताल में चल रहा था इलाज।
2 min read
Sep 12, 2026
S Sreesanth Father Dies
पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीसंत अपने पिता के साथ । (Photo- X/@uniindianews)

S Sreesanth Father Death: पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीसंत के पिता वी शांताकुमारन नायर का शुक्रवार रात निधन हो गया। इसकी जानकारी समाचार एजेंसी पीटीआई और यूएनआई ने दी है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, वी शांताकुमारन नायर का कोच्चि के लिसी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने शुक्रवार रात 9:45 बजे अंतिम सांस ली। वह 89 वर्ष के थे।

परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, एस श्रीसंत के पिता का पार्थिव शरीर फिलहाल शवगृह में रखा गया है। विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद रविवार को पार्थिव शरीर को कोठामंगलम स्थित पैतृक घर ले जाया जाएगा। रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पैतृक आवास पर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। पूर्व क्रिकेटर के पिता भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

एस श्रीसंत का करियर

पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीसंत ने बतौर तेज गेंदबाज टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। वह 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे थे।

एस श्रीसंत के करियर पर गौर करें तो उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट मैचों में 87 विकेट, 53 वनडे मैचों में 75 विकेट और 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 7 विकेट चटकाए हैं। एस श्रीसंत के नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट के 74 मैचों में 213 विकेट दर्ज हैं। वहीं, उन्होंने 92 लिस्ट-ए मैचों में 124 विकेट, जबकि टी-20 क्रिकेट में 54 विकेट हासिल किए हैं।

विवादों में रहा क्रिकेट करियर

पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीसंत का क्रिकेट करियर विवादों से अछूता नहीं रहा। 2013 के आईपीएल के दौरान उन पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे, जिसके बाद BCCI ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि, 2015 में दिल्ली की निचली अदालत ने उन्हें इन आरोपों से बरी कर दिया। इसके बाद 2019 में उनके प्रतिबंध को घटाकर 7 साल कर दिया गया। इसके बावजूद श्रीसंत दोबारा भारतीय टीम में जगह नहीं बना सके। उन्होंने 2022 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था।

Updated on:
12 Sept 2026 03:31 pm
Published on:
12 Sept 2026 03:01 pm