
Duleep Trophy 2026 1st Semi-Final Highlights: दलीप ट्रॉफी 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-1 पर खेला गया। इस मुकाबले में ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन के खिलाफ चार विकेट से जीत दर्ज की है। इसके साथ ही ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी की अगुवाई वाली ईस्ट जोन अब 6 सितंबर को खिताबी मुकाबला खेलने उतरेगी। यह मुकाबला नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन की पहली पारी 266 रन पर सिमट गई थी। टीम ने महज 125 तक 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद हर्ष दुबे ने रिंकू सिंह के साथ छठे विकेट के लिए 55 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की। रिंकू ने 8 चौकों के साथ सर्वाधिक 60 रन की पारी खेली। जबकि इससे पहले आर्यन जुयाल ने 46 रन बनाए। ईस्ट जोन की ओर मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद शमी और मोहम्मद कुरैशी के हाथ 2-2 विकेट लगे।
इसके जवाब में ईस्ट जोन भी अपनी पहली पारी में 266 के स्कोर पर ही सिमट गई। इस पारी में ईस्ट जोन को वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने शानदार शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी ने 25.2 ओवर में 161 रन जोड़े। वैभव 81 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 92 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अभिमन्यु ने 69 रन बनाए। सेंट्रल जोन की ओर से हर्ष दुबे ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि आर्यन पांडे और यश ठाकुर ने 3-3 विकेट निकाले।
सेंट्रल जोन की टीम अपनी दूसरी पारी में महज 158 के स्कोर पर सिमट गई। अमन मोखाडे ने सबसे ज्यादा 41 रन की पारी खेली। इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 25 के आंकड़े को पार नहीं कर सका। वहीं, ईस्ट की ओर से मुकेश कुमार ने सर्वाधिक चार विकेट, तो मोहम्मद शमी तीन विकेट हासिल किए।
सिर्फ 159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट जोन को एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई। हालांकि उसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे, लेकिन उसने चार विकेट हाथ में रहते लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। ईस्ट के लिए उपकप्तान वैभव ने 40 और कप्तान ईशान किशन ने नाबाद 39 रन की पारी खेली। वहीं, सेंट्रल की ओर से हर्ष दुबे ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।