क्रिकेट

इंग्लैंड को कर दिया था जीता घोषित, खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से मिला लिए थे हाथ, लेकिन फिर हुआ ऐसा ‘चमत्कार’ और जीत गया पाकिस्तान

Pak vs Eng Match Drama: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लाहौर में रविवार रात खेले गए रोमांचक मुकाबले में गजब का ड्रामा देखने को मिला। एक समय इंग्‍लैंड को 20 रन से जीता हुआ घोषित कर दिया गया था। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाने भी शुरू कर दिए थे, लेकिन फिर कुछ ऐसा 'चमत्‍कार' हुआ कि अंपायर को शादाब खान को एलबीडब्ल्यू का फैसला पलटना पड़ा और अंतत: पाकिस्‍तान ने जीत दर्ज की।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 10:33 AM IST
Pak vs Eng Match Drama
इंग्‍लैंड को जीता घोषित करने के बाद एक-दूसरे से हाथ मिलाते खिलाड़ी। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

Drama in Pak vs Eng Tri-Series Match: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लाहौर के गद्दाफी स्‍टेडियम में रविवार रात बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले गजब ड्रामा भी देखने को मिला, जब एक समय अंपायर ने गस एटकिंसन की अपील पर शादाब खान को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट दे दिया। आउट दिए जाने के बाद ब्रॉडकास्टर ने इंग्लैंड की टीम को 20 रन से जीता घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाने भी शुरू कर दिए। पाकिस्‍तान के दर्शक निराश हो गए। लेकिन, अचानक रिव्‍यू में स्‍क्रीन पर दिखाया गया कि गेंद बल्‍ले का किनारा लेकर पैड से टकराई है। इस पर अंपायर ने अपना फैसला बदला और फिर वहीं से मैच शुरू कराया, जिसमें अंतत: पाकिस्‍तान ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल के लिए क्‍वालीफाई कर लिया।

इंग्‍लैंड के खिलाड़ी मना रहे थे जीत का जश्न, फिर डीआरएस ने पलटा फैसला

दरअसल, पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 21 रन की दरकार थी। वहीं, इंग्‍लैंड की टीम को जीत के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी। इंग्लैंड की ओर से 45वां ओवर फेंक रहे गस एटकिंसन की दूसरी गेंद शादाब के पैड पर टकराई। बॉलर की अपील पर अंपायर ने शादाब को एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया। इसी बीच ब्रॉडकास्‍टर ने स्‍क्रीन पर इंग्‍लैंड को 20 रन से जीता घोषित कर दिया। हताश शादाब ने अपना बल्ला जमीन पर पटका। अंपायर के फैसले के बाद इंग्लैंड और पाकिस्‍तान के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाने लगे। सभी को लगा कि मैच अब खत्म हो गया है, लेकिन इसके बाद कुछ ऐसा हुआ कि सब लोग हैरान रह गए।

खुशी से झूम उठे पाकिस्तानी फैंस

बड़ी स्‍क्रीन पर रिव्‍य दिखाया गया, तो पता चला कि अल्ट्राएज में गेंद के बल्ले के पास से गुजरने के दौरान हल्का स्पाइक नजर आया। इसका मतलब था कि गेंद शादाब के बल्ले का किनारा लेते हुए पैड से टकराई थी। इस पर अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और फिर वहीं से मैच शुरू कराया गया। यह देख पाकिस्तानी फैंस खुशी से झूम उठे। अब सोशल मीडिया पर सवाल उठाया जा रहा है कि आखिर शादाब ने रिव्यू कब लिया था? क्योंकि आउट होने के बाद जो टीवी पर नजर आया उसमें वह रिव्यू मांगते नहीं दिखे थे, लेकिन दूसरे कैमरा एंगल में साफ दिखा कि शादाब ने डीआरएस की मांग की थी और पाकिस्तान के पास एक रिव्यू बचा भी था।

आप किसी पारी का मजा तभी लेते हैं, जब टीम जीतती है- शादाब खान

प्लेयर ऑफ द मैच रहे शादाब खान ने कहा कि आप किसी पारी का मजा तभी लेते हैं, जब टीम जीतती है। इसलिए, मैं बहुत खुश हूं कि मैंने वह पारी खेली और हम मैच जीत गए। मुझे लगता है कि हारिस मुझसे ज्‍यादा क्रेडिट के हकदार हैं, क्योंकि उस पोज़िशन पर टेलएंडर्स हमेशा छक्के मारने के लिए तैयार रहते हैं। जिस तरह से मैं उन्हें गाइड कर रहा था या वह मुझे गाइड कर रहे थे, हम एक अच्छी पार्टनरशिप करने में कामयाब रहे।

पार्टनरशिप के दौरान अपके और हारिस के बीच क्‍या बातचीत हुई? इस पर उन्‍होंने कहा कि वह मुझे चीजें मुझसे ज्‍यादा समझा रहे थे। वह बीच-बीच में ऐसी बातें कह रहे थे, जो मुझे नहीं लगता कि हम लाइव टीवी पर बता सकते हैं। मुझे लगता है कि हमने बहुत मजेदार पल बिताए और सच में खूब एन्जॉय किया।

Updated on:
26 Oct 2026, 10:33 AM IST
Published on: