
जालंधर। लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। रविवार की सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो चुका है। बड़ी-बड़ी हस्तियां वोट डालने पहुंच रही हैं, चाहें वो नेता हों, क्रिकेटर हों या फिर अभिनेता, भी वोट डालने पहुंच रहे हैं। इस बीच टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भी मतदान किया है। भज्जी ने जालंधर में सुबह सबसे पहले अपना वोट डाला।
राजनीति में आने के सवाल पर भज्जी ने दिया ये जवाब
हरभजन सिंह ने जालंधर के गढ़ी गांव में अपना वोट डाला है। वोट डालने के बाद लोगों से भी ये अपीली की कि वो अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करने आएं। इस दौरान भज्जी ने ये भी साफ कर दिया कि वो फिलाहल पॉलिटिक्स में आने के बारे में सोच भी नहीं रहे हैं। बता दें कि समय-समय पर हरभजन सिंह को लेकर ये माना जाता रहा है कि वो राजनीति में कदम रख सकते हैं, लेकिन फिलाहल उन्होंने ऐसी सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। भज्जी ने राजनीति में आने के सवाल पर कहा, 'राजनीति में पहले ही काफी अनुभवी लोग हैं। इसलिए मेरी कोई योजना नहीं है।”
पंजाब में विकास की जरुरत है- हरभजन सिंह
इस दौरान हरभजन सिंह ने आम लोगों के लिए बुनयादी सुविधाओं की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए उचित शिक्षा होनी चाहिए, बच्चों को स्कूल में स्पोर्टस की सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ जालंधर में ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब में विकास की बहुत जरूरत है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों और इसकी राजधानी चंडीगढ़ की इकलौती सीट पर मतदान हो रहा है।