क्रिकेट

Ranji Trophy: मोहम्मद सिराज की कप्तानी में हैदराबाद की बड़ी जीत, त्रिपुरा को एक पारी और 40 रन से रौंदा

Ranji Trophy 2026: रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-बी मैच में मोहम्‍मद सिराज की कप्‍तान वाली हैदराबाद ने मंगलवार को बड़ी जीत दर्ज की है। उसने त्रिपुरा के खिलाफ एक पारी और 40 रन से बड़ी जीत दर्ज की है।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
Ranji Trophy 2026, Mohammed Siraj,
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज। (Photo Credit- ANI)

Ranji Trophy 2026, Hyderabad vs Tripura: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-बी में तीसरे दिन ही मंगलवार 13 अक्‍टूबर को हैदराबाद टीम ने एकतरफा बड़ी जीत दर्ज की है। मोहम्‍मद सिराज की अगुवाई वाली इस टीम ने त्रिपुरा को एक पारी और 40 रन से हराया है। टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी त्रिपुरा की टीम अपनी पहली पारी में महज 134 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद हैदराबाद ने अपने पहले पारी में 294 रन बनाते हुए पहली पारी के आधार पर 160 रनों की बढ़त बनाई। लेकिन, त्रिपुरा का प्रदर्शन दूसरी पारी में भी बेहद निराशाजनक रहा। वह अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 120 रन पर ऑलआउट हो गई। हैदराबाद के गेंदबाज तनय त्यागराजन को प्‍लेयर ऑफ द मैच के अर्वार्ड से नवाजा गया, जिन्‍होंने पहली पारी में त्रिपुरा के तीन विकेट चटकाए, तो दूसरी पारी में 6 विकेट हॉल अपने नाम किया।

अच्‍छी शुरुआत के बाद लगी विकेटों की झड़ी

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी त्रिपुरा को ओपनर बिक्रमकुमार दास और ऋतुराज रॉय ने शानदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच पहले विकेट लिए 80 रन की साझेदारी हुई। लेकिन इसके बाद विकेटों की ऐसी झड़ी लगी कि पूरी टीम महज 134 के स्‍कोर पर सिमट गई। त्रिपुरा के लिए दास ने 50, रॉय ने 33 और मनदीप सिंह ने 24 रन बनाए। इनके अलावा अन्‍य कोई बल्‍लेबाज एक रन से आगे नहीं बढ़ पाया, जबकि पांच बल्‍लेबाज शून्‍य पर आउट हुए। हैदराबाद की ओर से अनिकेत रेड्डी ने पांच और तनय ने तीन विकेट लिए।

त्रिपुरा की ओर से संदीप सरकार ने चटकाए 8 विकेट

हैदराबाद ने अपनी पहली पारी में 103.2 ओवर में 294 रन बनाते हुए 160 रन की बढ़त बनाई। हैदराबाद के लिए पहली पारी में तनमय अग्रवाल ने 54, रुथिक यादव ने 61, राहुल रादेश और चामा मिलिंद ने 40-40 रन की पारियां खेलीं। वहीं, त्रिपुरा की ओर से संदीप सरकार ने जबरदस्‍त प्रदर्शन करते हुए अकेले ही 8 विकेट चटकाए, जबकि परवेज सुलतान ने दो विकेट लिए।

तनय ने लगाया विकेटों का छक्‍का

त्रिपुरा की दूसरी पारी में शुरुआत बेहद खराब रही। उसने महज 11 रन के स्‍कोर पर पर बिक्रमकुमार दास (11) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद पहली पारी तरह नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और त्रिपुरा की पूरी टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 120 रन पर सिमट गई। त्रिपुरा की ओर से सेंटू सरकार ने सबसे ज्‍यादा 27 रन की पारी खेली। वहीं, हैदराबाद की ओर से तनय ने 6 विकेट हॉल अपने नाम किया। वहीं, कप्‍तान मोहम्‍मद सिराज ने दो विकेट, रुथिक यादव और अभिरथ रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया।

Updated on:
13 Oct 2026 11:04 am
Published on:
13 Oct 2026 10:37 am