
साहिदजादा फऱहान (फोटो- IANS)
Pakistan vs Sri Lanka T20I, Sahibzada Farhan Record: पाकिस्तान के नए टी20 कप्तान साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भी अर्धशतकीय पारी खेली। इसके साथ ही वह लगातार तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए। उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा, शाहिद अफरीदी और डेविड वॉर्नर जैसे बल्लेबाजों की रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। श्रीलंका के खिलाफ टी20 में लगातार 3 अर्धशतक जड़ने वाले वह दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं।
फरहान ने तीसरे टी20 मुकाबले में 47 गेंदों में 76 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस पारी की बदौलत फरहान ने शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। पाकिस्तान के लिए सबसे पहले अफरीदी ने ही साल 2009 में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेली थीं।
भारत के लिए संजू सैमसन, विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल में लगातार 3 मैचों में अर्धशतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं। टी20 इंटरनेशनल में लगातार सबसे ज्यादा बार अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के नाम है, जिन्होंने लगातार पांच पारियों में ये कारनामा किया था। वहीं, ब्रेंडन मैकुलम ने लगातार चार पारियों में अर्धशतक जड़ा है। लगातार 4 पारियों में 50+ रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में क्रिस गेल, केन विलियमसन, रीजा हेंड्रिक्स, ब्रायन बेनेट और इब्राहिम जादरान जैसे बल्लेबाजों का भी नाम शामिल है।
फरहान ने सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में 53 गेंदों पर 89 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उन्होंने 44 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली। इन दोनों पारियों के बाद तीसरे मैच में भी अर्धशतक लगाकर उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उनकी बल्लेबाजी पाकिस्तान के लिए अहम साबित हुई है और टीम ने सीरीज पर कब्जा कर लिया।
फरहान को एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीतने के बाद टी20 टीम का कप्तान बनाया गया। जापान में हुए टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने दो मैच खेला और एक में जीत हासिल की। इसके बावजूद PCB ने अचानक टीम के लौटते ही सलमान आगा को कप्तानी से हटाकर साहिबजादा को जिम्मेदारी सौंप दी। कप्तान बनते ही फरहान ने न सिर्फ बल्ले से धमाल मचाया, बल्कि टीम को भी जीत की पटरी पर ले आए।
Updated on:
13 Oct 2026 08:31 pm
Published on:
13 Oct 2026 08:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
