दूसरे दिन लंच तक भारत ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया अभी भी 152 रन पीछे है।
India vs New Zealand, 2nd Test, Lunch: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट असोसिएशन क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई है। न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन के लंच तक भारत के मात्र 107 रन पर 7 विकेट गिरा दिये है। क्रीज़ पर वॉशिंगटन सुंदर (2) और रवींद्र जडेजा (11) रन बनाकर खेल रहे हैं।
दूसरे दिन एक विकेट पर 24 रन के आगे खेलने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को 50 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 72 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। गिल ने यशस्वी जायसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 111 गेंद में 49 रन की साझेदारी निभाई।
56 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। मिचेल सैंटनर ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। सैंटनर की फुल टॉस गेंद को कोहली ने मिस किया और गेंद सीधे जाकर स्टंप्स पर लगी। कोहली एक रन बना सके। भारत को 70 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। यशस्वी जायसवाल 30 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी को ग्लेन फिलिप्स ने डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया।
83 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी कुछ खास नहीं कर पाये और 18 रन पर ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। भारत को 103 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन चार रन बनाकर मिचेल सैंटनर का शिकार बने। कीवी स्पिनर्स ने कहर बरपाया और भारतीय बैटिंग लाइन अप की धज्जियां उड़ा दी। सैंटनर ने अब तक चार और ग्लेन फिलिप्स ने दो विकेट लिए हैं। एक विकेट टिम साउदी को मिला है।