
India vs New Zealand 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला हैमिल्टन में कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। उससे पहले बीसीसीआई ने क्रिकेट फैंस को खुशखबरी दी है। पिछले 12 घंटे से हैमिल्टन में बारिश हो रही थी, लेकिन मैच से कुछ देर पहले बारिश रुक गई। इसके अलावा, ग्राउंड पर भी कवर्स नहीं हैं। हालांकि पिच को जरूर ढका गया है। लेकिन बुरी खबर यह है कि हैमिल्टन में थंडरस्टॉर्म की चेतावनी मिली है और आसमान में बादल अभी भी मंडरा रहे हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिली है। हैमिल्टन के रिकॉर्ड की बात की जाए तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच यहां अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से न्यूजीलैंड ने 6 जीते हैं और एक में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जो 2022 में खेला गया था।
सबसे खास बात यह है कि पिछले 12 मुकाबले, जो यहां खेले गए हैं और जिनमें बारिश ने कोई बाधा नहीं डाली, उनमें न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है। आखिरी बार न्यूजीलैंड को तब हार मिली थी, जब साल 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बारिश की वजह से मैच 34 ओवर का कर दिया गया था।
इसके अलावा, इस मैच में एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली पर नजर रहने वाली है, जो कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि रोहित शर्मा का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से किसी भी बाइलेटरल सीरीज के तीसरे मुकाबले में औसत 103 का रहा है। वह अब तक 3 अर्धशतक और दो शतक लगा चुके हैं। रोहित शर्मा की नजर अपने 400 वनडे छक्कों के रिकॉर्ड पर होगी।
इसके अलावा, विराट कोहली एक अर्धशतक लगाकर केन विलियमसन का रिकॉर्ड तोड़ना चाहेंगे, जिन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा 11 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। विराट कोहली ने पहले वनडे में 74 रन की पारी खेलकर उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी, लेकिन अब वह इसे पीछे छोड़ सकते हैं।