क्रिकेट

IND vs SL: टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में सरफराज खान के साथ सारांश जैन की एंट्री! मोहम्मद कैफ की बेस्ट 11 से जुरेल बाहर

India Tour of Sri Lanka 2026: मोहम्मद कैफ ने श्रीलंका दौरे पर खेले जाने वाले पहले मुकाबले के लिए अपनी पसंदीदा प्लेइंग 11 चुनी है, जिसमें से उन्होंने ध्रुव जुरेल को बाहर रखा है।
2 min read
Aug 11, 2026
sarfaraz khan
भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान। ( File Photo Credit - IANS)

Team India Probable Playing 11: भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होने जा रही है। इसके पहले टेस्ट के लिए मोहम्मद कैफ ने बेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनी है। टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी ने 2 साल बाद वापसी कर रहे सरफराज खान के साथ सारांश जैन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है, जबकि ध्रुव जुरेल को उन्होंने बाहर रखा है। आपको बता दें कि सरफराज की एंट्री के बाद से ही यह चर्चा हो रही थी कि उन्हें मौका मिलेगा या ध्रुव जुरेल को, लेकिन मोहम्मद कैफ ने सरफराज के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि पहले टेस्ट में सरफराज को ध्रुव से पहले मौका मिलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने गॉल में तीन स्पिनर्स को खिलाने की भी वकालत की। गॉल की पिच स्पिन के लिए काफी मददगार मानी जाती है और यहां हमेशा भारतीय बल्लेबाज स्पिन के जाल में फंसते नजर आए हैं। उन्होंने तीन स्पिनर्स में रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ सारांश जैन का नाम भी लिया।

मोहम्मद कैफ के अनुसार प्लेइंग 11

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, सरफराज खान, रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

आपको बता दें कि भारतीय टीम 9 साल बाद श्रीलंका में कोई टेस्ट सीरीज खेलेगी। टीम इंडिया को आखिरी बार 2008 में श्रीलंका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। उसके बाद से जो भी टेस्ट मैच खेले गए, चाहे वह भारत में हों या श्रीलंका में, टीम इंडिया ने जीत दर्ज की।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज अहम

भारत और श्रीलंका के बीच शुरू हो रही 2 टेस्ट मैचों की सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है। टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचने के लिए दोनों टेस्ट मैच जीतने होंगे ताकि आगे की राह आसान हो सके। अगर टीम हार जाती है तो उसके वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी धुंधली हो जाएंगी।

आपको बता दें कि भारत अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और इस साइकिल में उसे अभी 9 मैच और खेलने हैं। श्रीलंका के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के साथ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, उसके बाद भारतीय दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम आएगी जहाँ उन्हें 5 मैचों की सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे है, जिसने आठ में से सात मुकाबले जीते हैं।