क्रिकेट

IND vs SL: यूं ही नहीं हुआ सारांश जैन का टीम इंडिया में सेलेक्शन, कैंसर ने लड़ रहे क्रिकेटर पिता ने दिखाया था रास्ता

India Test Squad for Sri Lanka Tour 2026: श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें सारांश जैन नया चेहरा शामिल है।
2 min read
Jul 28, 2026
saransh jain call up
सारांश जैन (फोटो- IANS)

Saransh Jain First Callup for Team India: मंगलवार को जब श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान हुआ, तो उस दल में सारांश जैन नया चेहरा शामिल थे। टीम इंडिया में सारांश की एंट्री अचानक नहीं हुई है। 11 साल से लगातार मेहनत और लगन की वजह से उन्होंने टीम इंडिया का दरवाजा तोड़ा है। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में वाशिंगटन सुंदर नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह सारांश को डेब्यू का मौका मिल सकता है।

सारांश स्पिन के साथ बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। 31 मार्च 1993 को इंदौर में जन्मे सारांश ने 2014-15 सीज़न में मध्य प्रदेश के लिए अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था। उनके पिता सुबोध जैन ने भी रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। फर्स्ट क्लास डेब्यू के बाद अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर वह मध्य प्रदेश की एक क्लब के साथ ऑस्ट्रेलिया गए थे। लेकिन वहां जाकर पता चला कि उनके पिता को कैंसर है।

पिता ने दिया था खास नोट

जिसके बाद सारांश पूरी तरह टूट गए। जिसे देखकर सारांश ने क्रिकेट खेलना शुरू किया, जो सारांश के करियर के पहले कोच थे और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। अपने बेटे की हालात देख पिता ने उन्हें एक नोट दिया और फिर सारांश की कहानी बदल गई। सर्जरी के बाद ठीक से बोल न पाने की वजह से, सुबोध ने अपने बेटे को एक नोट लिखकर क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए कहा। इसके बाद सारांश ने उस नोट को संभाल कर रख लिया।

वह लगाातार मेहनत करते रहे। 2021-22 में टीम की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत के दौरान उनके करियर ने एक अहम मोड़ लिया। उन्होंने उस टूर्नामेंट के क्वार्टर-फाइनल, सेमी-फाइनल और फाइनल में हिस्सा लिया और इन तीन नॉकआउट मैचों में कुल 13 विकेट लिए। मुंबई के खिलाफ फाइनल में जैन ने बल्ले से योगदान दिया और मध्य प्रदेश पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। अगले सीजन उन्होंने 360 रन बनाए और 35 विकेट चटकाए। लगातार अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्हेंन इंडिया A टीम में चुना गया, जहां इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ दिया।

सारांश को 2025 दिलीप ट्रॉफी में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। अगले रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 57.55 की औसत से 518 रन बनाए और 20.43 की औसत से 30 विकेट चटकाए। टीम में चुने जाने से पहले श्रीलंका में ही इंडिया A के साथ खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। जैन ने पहली पारी में 92 रन देकर 4 और दूसरी पारी में 66 रन देकर 2 विकेट लिए, साथ ही नाबाद 70 रन भी बनाए। इस मैच को इंडिया A ने 10 विकेट से जीत लिया। अब सबकी नजरें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर रहने वाली हैं, जहां उन्हें पहले मुकाबले में डेब्यू का मौका मिल सकता है।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट के लिए टीम इंडिया

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।

Updated on:
28 Jul 2026 01:26 pm
Published on:
28 Jul 2026 01:26 pm