
India vs Zimbabwe 2nd T20I Playing XI Prediction: भारत बनाम जिम्बाब्वे 3 मैचों की टी20 इंटरनेशन सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने 7 विकेट से जीतकर 1-0 से बढ़त बना ली है। अब सीरीज का दूसरा मैच शनिवार 25 जुलाई को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में ही खेला जाना है। पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी ने महज 19 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से अर्धशतक बनाया और शुरुआत में ही मुकाबले को भारत के पक्ष में कर दिया, जिसके बाद जिम्बाब्वे की टीम वापसी ही नहीं कर पाई। अब दूसरे मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव हो सकते हैं, क्योंकि टीम मैनेजमेंट पहले ही युवाओं को मौका देने की बात कह चुका है। दूसरे मैच में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है? आइये एक नजर इस पर डालते हैं।
वैभव सूर्यवंशी का बतौर ओपनर उतरना लगभग तय है, लेकिन दूसरे मुकाबले में उनका ओपनिंग पार्टनर बदल सकता है। अभिषेक शर्मा आयरलैंड से लेकर अभी तक लगातार खेले रहे हैं। ऐसे में उन्हें आराम देकर प्रभसिमरन सिंह को मौका मिल सकता है, क्योंकि वह लंबे समय से बेंच पर मौके का इंतजार कर रहे हैं। यह भी हो सकता है कि अभिषेक शर्मा की जगह ईशान किशन से ओपनिंग कराई जाए। ऐसे में प्रभसिमरन को तीसरे नंबर पर उतारा जा सकता है।
चौथे नंबर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर खुद उतरेंगे। जबकि पांचवें नंबर पर तिलक वर्मा का उतरना तय है तो छठे नंबर पर रिंकू सिंह उतर सकते हैं। इस तरह भारतीय बल्लेबाजी क्रम में एक बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो भारतीय टीम पिछले मैच की तरह पांच गेंदबाजों के साथ ही उतर सकती है, क्योंकि पहले मैच में सभी ने शानदार गेंदबाजी की थी। मयंक यादव ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को मुश्किलों में डाल दिया था। जबकि रवि बिश्नोई ने भी सिर्फ छह रन प्रति ओवर से 24 रन देकर एक विकेट लिया था। कप्तान श्रेयस अय्यर इस बार भी अपने उन्हीं पांच गेंदबाजों पर भरोसा जता सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा/प्रभसिमरन सिंह, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, अशोक शर्मा और प्रिंस यादव।