क्रिकेट

IND vs PAK: एशियन गेम्स में कब हो सकता है भारत-पाकिस्तान महामुकाबला? नोट कर लें तारीख

IND vs PAK in Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट भी शामिल है। आईसीसी और एसीसी के टूर्नामेंट में हिस्‍सा लेने वाली भारत और पाकिस्तान की टीम भी इसमें हिस्सा लेंगी। भारत-पाकिस्तान की टीमें सीधे नॉकआउट स्‍टेज में अलग-अलग टीमों से भिड़ेंगी। अब सवाल ये है कि क्‍या इस टूर्नामेंट में दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच कब मुकाबला हो सकता है? आइये आपको बताते हैं।
2 min read
Aug 13, 2026
India Pakistan, IND vs PAK in Asian Games 2026,
भारत बनाम पाकिस्‍तान मैच का नजारा। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

India vs Pakistan in Asian Games 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का अक्‍सर क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। लेकिन, अब ये दोनों टीमें सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) या एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के इवेंट्स में ही एक-दूसरे के सामने खेलती नजर आती हैं। इस बार एशियन गेम्‍स 2026 में भी क्रिकेट को शामिल किया गया है। जहां एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। जापान में होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत-पाक कब और कैसे भिड़ सकते हैं। आइये इसका पूरा गणित आपको बताते हैं।

शुरुआती स्‍टेज में नहीं होगा भारत-पाकिस्‍तान मुकाबला

क्रिकेट फैंस के लिए ये किसी बड़े झटके से कम नहीं है कि एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट इवेंट की शुरुआती स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच कोई मैच नहीं होगा। अब यह बात पूरी तरह से साफ हो चुकी है कि भारतीय टीम और पाकिस्‍तानी टीम की अगर एशियन गेम्स में भिड़ंत होगी तो वह गोल्ड या ब्रॉन्‍ज मेडल के लिए ही होगी।

भारत और पाकिस्तान समेत 4 टीमों को सीधे क्‍वार्टर फाइनल में मिली जगह

बता दें कि एशियन गेम्स 2026 का आगाज जापान में 19 सितंबर से होगा और समापन 4 अक्टूबर को होगा। इस मेगा इवेंट में क्रिकेट टूर्नामेंट 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट 10 टीमों के बीच खेला जाएगा। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह दी गई है। जबकि बाकी 6 टीम ग्रुप स्टेज के मुकाबले से शुरुआत करेंगी। ऐसे में ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच कोई मुकाबला नहीं होगा। वहीं, भारत-पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल भी अलग-अलग टीमों से खेलेंगी।

सेमीफाइनल तक नहीं होगा भारत-पाकिस्‍तान का आमना-सामना

पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल-1 में में खेलेगा तो भारत क्‍वार्टर फाइनल-2 में उतरेगा। दोनों टीमों के क्वार्टर फाइनल एक ही दिन 28 सितंबर को खेले जाएंगे। भारतीय टीम अगर क्वार्टर फाइनल जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचती है तो उसका सामना सेमीफाइनल में क्वार्टर फाइनल-3 की विजेता से होगा। इसी तरह पाकिस्तान की टीम अपना क्‍वार्टर फाइनल जीतती है तो वह सेमीफाइनल में क्वार्टर फाइनल-4 की विजेता से भिड़ेगी। इस तरह सेमीफाइनल राउंड तक दोनों टीमों का आमना सामना नहीं होगा।

गोल्ड या ब्रॉन्ज मेडल के लिए हो सकती है चिर प्रतिद्वंद्वियों की भिड़ंत

एशियन गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत तभी हो सकती है, जब दोनों फाइनल में पहुंच जाएं या दोनों अपने-अपने सेमीफाइनल में हार जाएं। अगर भारत-पाक फाइनल में पहुंचे तो तो 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल के लिए एक-दूसरे के सामने होंगे। वहीं, अगर सेमीफाइनल में दोनों हारे तो तीन अक्‍टूबर को ही ब्रॉन्ज मेडल के लिए भिड़ेंगे।