क्रिकेट

IPL Retention Update: ताज होटल के बम से उड़ाने की मिली धमकी, IPL रिटेंशन को लेकर चल रही है मीटिंग

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग बेंगलुरु के ताज वेस्ट एंड होटल में चल रही है। इसी बीच एक ईमेल के जारिए होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2024, 7:11 PM IST
Feature image

IPL Governing Council Meeting Retention Rules: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मेगा ऑक्शन और खिलाड़ियों की रिटेंशन पॉलिसी पर चर्चा के लिए आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग चल रही है। यह मीटिंग बेंगलुरु के ताज वेस्ट एंड होटल में हो रही है। इसी बीच इस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। होटल को यह धमकी ईमेल के जरिए मिली है। मेल किस ने भेजा है इस बात का पता अभी नहीं लग पाया है।

धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच चुका है और गहराई से जांच चल रही है। बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय) शेखर एच टेककन्नावर ने डीएच इस मामले में बताया, “हमें आज सुबह हाई ग्राउंड्स पीएस में ताज वेस्ट एंड होटल को बम की धमकी वाला ई-मेल मिला। हमारी बीडीडीएस और एएससी टीम ने परिसर की जांच की और पाया कि यह एक फर्जी धमकी भरा ईमेल था, उन्होंने ये भी कहा, 'हम शिकायत लेंगे और मामले की जांच करेंगे।'

बता दें आईपीएल 2025 के लिए सभी टीमों के पास पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने का विकल्प मिल सकता है। इसके अलावा टीमों के पास नीलामी के दौरान एक राइट टू मैच कार्ड का भी विकल्प होगा। ईएसपीएनक्रिकइंफो को पता चला है कि अगले आईपीएल सीज़न की मेगा नीलामी से पहले अन्य रिटेंशन नियमों को अंतिम रूप देकर उसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकी है कि कितने भारतीय खिलाड़ी या विदेशी खिलाड़ियों को रिटेन किया जा सकेगा। कुल मिला कर अभी तक रिटेंशन नियमों में होने वाले बदलावों में इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि रिटेन किए जाने वाले कुल खिलाड़ियों में भारतीय खिलाड़ी, विदेशी खिलाड़ी और अनकैप्ड खिलाड़ियों की संख्या क्या होगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के रिटेंशन के लिए कितने स्लैब होंगे, इस बात की भी जानकारी नहीं मिल सकी है। हालांकि हर टीम के पास लगभग 115 से 120 करोड़ रूपए का पर्स होगा।

Updated on:
28 Sep 2024, 7:11 PM IST
Published on: