
शाहीन अफरीदी (फोटो- ians)
Shaheen Afridi 4 Wickets Hall: पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड की टीम 241 रन पर ढेर हो गई है। शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, तो अराफात मिन्हास और रजा उल्लाह ने भी दो-दो विकेट लिए। इस मुकाबले को अगर पाकिस्तान जीत लेता है, तो फाइनल में जगह पक्की कर लेगा। अब तक उसने दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की है।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टॉम बैंटन को पहले ही ओवर में शाहीन अफरीदी ने अराफात मिन्हास के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद अफरीदी ने जो रूट को सिर्फ पांच रन के स्कोर पर चलता कर दिया। हारिस रऊफ ने जॉर्डन कॉक्स को 6 रन के स्कोर पर आउट कर दिया, तो कप्तान हैरी ब्रूक एक रन बनाकर रन आउट हो गए।
इंग्लैंड की टीम ने सिर्फ 52 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद सैम करन और बेन डकेट ने मिलकर बेहतरीन साझेदारी की और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। सैम करन और बेन डकेट के बीच 93 रनों की साझेदारी ने शुरुआती झटकों से उबरने का काम किया। हालांकि, सैम करन 52 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हो गए और अपने अर्धशतक से चूक गए।
इसके बाद एक बार फिर से विकेटों की झड़ी लगी और विल जैक्स 13, लियाम डॉसन 5, जेमी ओवरटन 10 और हेनरी क्रॉकॉम्बे 8 रन बनाकर आउट हो गए। बेन डकेट ने शानदार शतकीय पारी खेली, तो गस एटकिंसन 28 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए, जिससे इंग्लैंड की टीम को 240 के पार पहुंचने में सफल रही।
पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने 8.4 ओवर की गेंदबाजी में 46 रन खर्च किए और चार विकेट चटकाए, तो रजा उल्लाह ने आठ ओवर में सिर्फ 38 रन देकर दो विकेट लिए। इसके अलावा अराफात मिन्हास ने भी 8 ओवर में सिर्फ 26 रन दिए और दो सफलताएं हासिल कीं। शादाब खान, सलमान आगा और सैम अयूब ने भी गेंदबाजी की, लेकिन तीनों को विकेट नहीं मिले। हारिस रऊफ ने आठ ओवर में 55 रन दिए और एक सफलता हासिल की।
अब पाकिस्तान को यह मुकाबला जीतने के लिए 242 रन बनाने हैं। अगर वह जीत जाता है, तो फाइनल में पहुंच जाएगा। ट्राई सीरीज का खिताबी मुकाबला 31 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। उससे पहले दो और मुकाबले खेले जाएंगे, जहां पाकिस्तान को श्रीलंका और श्रीलंका को इंग्लैंड से खेलना है।
Updated on:
25 Oct 2026, 5:39 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.