क्रिकेट

ईशान किशन ने 10वें शतक के साथ Duleep Traphy Final में रचा इतिहास, पार किया 4000 रन का बड़ा माइलस्टोन

Duleep Traphy 2026 Final में ईस्‍ट जोन के कप्‍तान ईशान किशन ने 10वें शतक के साथ इतिहास रच दिया है। उन्‍होंने तूफानी शतक के साथ अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4000 रन के बड़े माइलस्‍टोन को पार कर लिया है।
2 min read
Sep 06, 2026
Ishan Kishan, Duleep Traphy 2026 Final
शतक के बाद बल्‍ला उठाते ईस्‍ट जोन के कप्‍तान ईशान किशन। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

Duleep Traphy 2026 Final: दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताबी मुकाबला चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्‍ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है। ईस्ट जोन ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर स्‍कोर को 365 के पार पहुंचा दिया है। इस मुकाबले में ईस्‍ट के कप्तान ईशान किशन ने साउथ जोन के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की है। उन्‍होंने इस मुकाबले में शतक के साथ जहां अपना 10वां प्रथम श्रेणी शतक पूरा किया है। वहीं, उन्‍होंने इस फॉर्मेट में 4000 रन के बड़े माइलस्‍टोन को भी पार कर लिया है।

ईशान किशन का फर्स्‍ट क्‍लास क्रिकेट करियर

बता दें कि इस मुकाबले से पहले ईशान किशन ने 66 प्रथम श्रेणी मैचों की 108 पारियों में 39.52 के औसत से 3952 रन बनाए थे। साउथ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी के फाइनल में 49 रन बनाते ही उन्‍होंने जहां 4000 हजार रन के माइल स्‍टोन को पार कर दिया। वहीं, शतक जड़ते ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर में अपने 10 शतक भी पूरे कर लिए। इस फॉर्मेट में उन्‍होंने 19 अर्धशतक भी लगाए हैं। जबकि उनका सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोर 273 रन है।

वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्‍यु ईश्‍वरन के बीच 100 रन की ओपनिंग साझेदारी

मैच की बात करें तो ईस्‍ट जोन के कप्‍तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया, जिसे उसके सलामी बल्‍लेबाज अभिमन्‍यु ईश्‍वरन और वैभव सूर्यवंशी ने एकदम सही ठहराते हुए पहले विकेट लिए 100 रन जोड़े। वैभव ने एक बार फिर तेज खेलते हुए 37 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्‍के की मदद से 44 रन बनाए थे कि वह मिलिंद का शिकार बन गए। इसके बाद ईस्‍ट को दूसरा झटका 133 के स्‍कोर पर अभिमन्‍यु के रूप में लगा, जो कि 86 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्‍के के साथ 72 रन बनाकर रन आउट हो गए।

ईशान किशन 111 और कुमार कुशाग्र 63 रन पर नाबाद

ईस्‍ट के दोनों सलामी बल्‍लेबाजों के आउट होने के बाद उसे तीसरा झटका 147 के स्‍कोर पर सुदीप कुमार के रूप में लगा। सुदीप 6 बनाकर तिरुपूरना विजय का शिकार बने। फिर ईस्‍ट को पहले दिन का आखिरी और चौथा झटका 241 के स्‍कोर पर शिखर मोहन के रूप में लगा शिखर 120 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्‍के के साथ 85 रन बनाकर मिलिंद का दूसरा शिकार बने।

पहले दिन का खेल खत्‍म होने तक ईस्‍ट ने 79 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 385 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। कप्‍तान ईशान किशन 135 गेंदों पर 14 चौके और एक छक्‍के की मदद से 111 रन और कुमार कुशाग्र 75 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्‍कों की मदद से 63 रन पर नाबाद पवेलियन लौटे हैं। वहीं, साउथ की ओर से चामा वी मिलिंद ने दो और तिरुपूरना विजय ने एक विकेट लिया है।