क्रिकेट

रोहित की गैरमौजूदगी में ये गेंदबाज बनेगा कप्तान!, टीम में हो सकते हैं बड़े फेरबदल

IND vs ENG: टीम के कप्तान रोहित शर्मा कोरोना से संक्रमित हो गए है। ऐसे में भारतीय टीम की कप्तानी किसी युवा कंधों पर जा सकती है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व कप्तान विराट कोहली एक बार फिर इस मैच के लिए टीम का नेतृत्व कर सकते हैं।

2 min read
jasprit_bum.png
रोहित की की गैरमौजूदगी में टीम की कमान कौन संभालेगा?

IND vs ENG new captain: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान रोहित शर्मा कोरोना से संक्रमित हो गए है और आइसोलेशन में चले गए हैं। ऐसे में वे बर्मिघम के एजबेस्टन में होने वाले इस टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। अब सवाल उठता है कि उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान कौन संभालेगा?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मैच के लिए किसी उपकप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई टेस्ट सीरीज में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया था। ऐसे में बुमराह इस मैच में भारत की कप्तानी कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो दिग्गज स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले के टेस्ट टीम के कप्तान बनने के 15 साल बाद कोई गेंदबाज भारतीय टीम की कप्तानी करेगा।

ऐसा भी माना जा रहा है कि ये ज़िम्मेदारी ऋषभ पंत को दी जा सकती है। 24 साल के पंत ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत का नेतृत्व किया था। हालांकि उनकी कप्तानी की काफी आलोचना भी हुई थी। लेकिन चयनकर्ताओं का पूरा भरोसा होने के चलते पंत को यह जिम्मेदारी मिल सकती है।

ऐसे भी कयास लगाए जा रहे हैं कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस मैच के लिए फिर से कप्तानी कर सकते हैं। विराट कोहली ने इस साल की शुरुआत में साउथ अफ्रीका दौरे पर कप्तानी से इस्तीफा दिया था। उनकी जगह केएल राहुल को टीम की कमान मिली थी, लेकिन इस दौरे पर केएल राहुल भी टीम में नहीं हैं।

बता दें भारतीय टीम 1-5 जुलाई के बीच इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलेगी। पिछले साल कोविड-19 के चलते दोनों देशों के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच नहीं हो पाया था। इस सीरीज में भारत 2-1 से आगे चल रहा है। ऐसे में अगर यह आखिरी मैच ड्रा भी हो जाता है तो भारत सीरीज अपने नाम कर लेगा। भारत ने इंग्लैंड में आखिरी बार सीरीज 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में जीती थी।

Published on:
26 Jun 2022 10:37 am