
Kulwant Khejroliya replaces Bhuvneshwar Kumar: हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेलेक्टर्स ने भुवनेश्वर कुमार के रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी है। उनकी जगह भारतीय टीम में राजस्थान के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को शामिल किया गया है। वहीं, इस टूर्नामेंट में अब भारतीय टीम की कप्तानी ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या करते नजर आएंगे। पहले इस टीम की कमान भुवनेश्वर को सौंपी गई थी, लेकिन वह 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड दौरे पर होंगे। जहां वह भारतीय टी20 टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कुलवंत खेजरोलिया का जन्म 13 मार्च 1992 को राजस्थान के झुंझुनू जिले के चूरी अजीतगढ़ गांव में हुआ था। वह युवा अवस्था में ही दिल्ली चले गए थे। जहां उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और 2016 में वहीं से अपना क्रिकेट करियर शुरू किया। ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन के बावजूद शुरुआती दौर में वह दिल्ली टीम में जगह नहीं बना पाए। 2017 में खेजरोलिया को विजय हजारे ट्रॉफी 2016-17 के लिए दिल्ली टीम में चुना गया।
उन्होंने उस टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिल्ली के लिए अपना लिस्ट ए डेब्यू किया। उसी साल इंडियन टी20 लीग सीजन के लिए उन्हें मुंबई फ्रेंचाइजी ने चुन लिया। उन्होंने 2017-18 सीजन में असम के खिलाफ अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया। उन्होंने उस सीजन 18 विकेट लिए, जिसमें रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में छह विकेट भी शामिल हैं।
कुलवंत के प्रथम श्रेणी क्रिकेट रिकॉर्ड की बात करें तो वह अब तक 27 मैचों की 48 पारियों में 73 विकेट ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/34 है। वहीं, लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने अभी तक 40 मैचों की 40 पारियों में 75 विकेट लिए हैं। यहां उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/31 रहा है। जबकि टी20 में उन्होंने 27 मैचों की 27 पारियों में 27 विकेट चटकाए हैं। यहां उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/26 है।
बता दें कि कुलवंत ने अपना आईपीएल डेब्यू रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ किया था। वहीं, उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला 2026 में आरसीबी के खिलाफ गुजरात टाइटंस के लिए खेला था। आईपीएल में वह अब तक 9 मैचों की 9 पारियों में छह विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 46.16 और इकॉनमी रेट 11 का रहा है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 2/33 है।