Sanjiv Goenka owner of LSG statement: लखनऊ सुपर जाइंट्स (Lucknow Super Giants) के मालिक संजीव गोयंका ने कहा कि प्लेऑफ तक पहुंचना काफी नहीं, टीम को पहली ट्रॉफी जीतनी होगी। चार सीजन में एलएसजी सिर्फ दो बार प्लेऑफ पहुंची और एक बार भी फाइनल नहीं खेला। गोयंका पहले भी अपने विवादित बयानों से सुर्खियां बटोर चुके हैं।
Sanjiv Goenka owner of LSG statement: लखनऊ सुपर जाइंट्स (Lucknow Super Giants) के मालिक संजीव गोयंका एक बार फिर अपने बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। IPL 2026 की शुरुआत से पहले जियोटस्टार पर 'आईपीएल टुडे लाइव' के साथ बातचीत में गोयंका ने साफ शब्दों में कहा कि प्लेऑफ तक पहुंचना एलएसजी जैसी टीम के लिए "काफी नहीं है।" उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि टीम की असली पहचान अभी भी बन रही है। किसी भी स्पोर्ट्स टीम के लिए, जब तक आप जीतते नहीं हैं, आपको ट्रॉफी उठाने जैसा सम्मान या प्यार नहीं मिलता है। हां, हम दो बार प्लेऑफ में पहुंचे हैं, लेकिन यह साफ तौर पर काफी नहीं है। आप कुछ जीतते हैं, कुछ हारते हैं, लेकिन हमें अपनी पहली ट्रॉफी जीतनी है।"
पिछले सीजन की समीक्षा करते हुए गोयंका ने माना कि टीम में गेंदबाजी की मजबूत नींव की कमी थी, जिसे इस बार दूर किया गया है। उन्होंने कहा, "अच्छी बात यह थी कि हमारे फ्रंटलाइन गेंदबाजों के चोटिल होने के बावजूद हमने अपने पहले छह में से चार गेम जीते। कुछ बड़े कदम उठाए गए, एडेन मार्करम और मिशेल मार्श ने ओपनिंग की, जो उनकी आम पोजीशन नहीं है, और यह उन दोनों के लिए उनका सबसे अच्छा आईपीएल सीजन साबित हुआ। दिग्वेश राठी बिल्कुल नए खिलाड़ी के तौर पर आए और उन्होंने हमारे लिए अच्छा किया। हालांकि, हमें एहसास हुआ कि हमारे पास एक मजबूत बॉलिंग कोर की कमी है, और हमने इस बार एक घरेलू बॉलिंग यूनिट बनाकर इस पर ध्यान दिया है। अब यह एक साथ आने और अकेले परफॉर्म करने की बजाय एक टीम के तौर पर परफॉर्म करने की बात है।"
गौरतलब है कि एलएसजी अब तक आईपीएल फाइनल में एक बार भी जगह नहीं बना पाई है। वह एकमात्र एक्टिव फ्रेंचाइजी है जिसने कभी खिताबी मुकाबले में कदम नहीं रखा।
संजीव गोयंका अपनी तीखी टिप्पणियों के लिए पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 10 विकेट की शर्मनाक हार के बाद मैदान पर ही तत्कालीन कप्तान केएल राहुल के साथ उनकी उत्तेजना भरी बातचीत का वीडियो वायरल हो गया, जिसने खूब आलोचना बटोरी।
इसके बाद आईपीएल 2025 मेगा नीलामी से पहले राहुल को रिलीज करते वक्त गोयंका ने स्टार स्पोर्ट्स पर बयान दिया, "हम उन खिलाड़ियों के साथ जाना चाहते हैं जो जीतने की मानसिकता रखते हैं, जो टीम को अपने निजी लक्ष्यों से पहले रखते हैं।" इसे राहुल पर निशाना माना गया।
हाल ही में आईपीएल 2026 शुरू होने से कुछ दिन पहले गोयंका ने सोशल मीडिया पर एक और रहस्यमय पोस्ट करते हुए लिखा "मैं लोगों को उनके डेस्क पर बिताए वक्त से नहीं आंकता, बल्कि उनके नतीजों से आंकता हूं।" इस पोस्ट ने भी फ्रेंचाइजी में कलह की अटकलों को हवा दे दी।