
आईपीएल 2026 में नहीं खेलेंगे यश दयाल (फोटो: IANS)
Yash Dayal Ruled out of IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के क्रिकेट डायकेर्टर मो. बोबैट ने मंगलवार को एक प्री-टूर्नामेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल आईपीएल के 2026 सीजन में फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं होंगे।
बोबैट ने साफ किया कि दयाल अभी भी आरसीबी के कॉन्ट्रैक्ट में हैं, लेकिन उनकी व्यक्तिगत परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मैनेजमेंट ने तय किया है कि इस समय उनका टीम में शामिल होना न तो उनके लिए, और न ही फ्रेंचाइजी के हित में होगा।
दयाल पर दो अलग-अलग राज्यों में यौन शोषण के गंभीर मामले दर्ज हैं। पहला मामला जुलाई 2025 में गाजियाबाद में दर्ज किया गया, जहां एक महिला ने आरोप लगाया कि दयाल ने शादी का वादा कर उनके साथ लंबे संबंध के दौरान शोषण किया। दूसरा मामला जयपुर में दर्ज किया गया, जिसमें एक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि दयाल ने उसे क्रिकेट करियर में मदद का झांसा देकर दो साल तक बार-बार यौन शोषण किया। जयपुर की विशेष पॉक्सो अदालत ने दिसंबर 2025 में दयाल की अग्रिम जमानत यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि साक्ष्य उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया संकेत देते हैं।
इन आरोपों के बावजूद नवंबर 2025 में जब आरसीबी ने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी की तो दयाल को 5 करोड़ रुपए में बरकरार रखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फ्रेंचाइजी को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। प्रशंसकों ने सवाल उठाया कि ऐसे गंभीर मामले में आरोपी खिलाड़ी को टीम में रखना उचित नहीं है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ भी दयाल को यूपी टी20 लीग से बाहर कर चुका था और उन्हें रणजी ट्रॉफी टीम में भी जगह नहीं दी गई थी।
यश दयाल ने IPL 2022 में गुजरात टाइटंस के साथ अपना डेब्यू किया था और नौ मैचों में 11 विकेट लेकर टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। 2024 में आरसीबी का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने सीजन में 15 विकेट लेकर टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में योगदान दिया। 2025 में दयाल ने 13 विकेट लेकर आरसीबी की पहली खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अब उनकी अनुपस्थिति में बेंगलुरु की तेज गेंदबाजी पर दबाव और बढ़ गया है। ऑस्ट्रेलियाई पेसर जोश हेजलवुड भी चोट के कारण शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में टीम को भुवनेश्वर कुमार के अलावा राशिख सलाम, अभिनंदन सिंह और मंगेश यादव जैसे युवा गेंदबाजों पर निर्भर रहना होगा, जबकि ओवरसीज विकल्पों में जैकब डफी, नुवान थुशारा और रोमारियो शेफर्ड उप्लब्ध रहेंगे। आरसीबी 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से सीजन की शुरुआत करेगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
24 Mar 2026 08:56 pm
Published on:
24 Mar 2026 08:48 pm
बड़ी खबरें
View Allआईपीएल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
