क्रिकेट

‘इस बार ऐसा नहीं होगा’, भारत के न्यूजीलैंड दौरे से पहले मिचेल सेंटनर ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान

Mitchell Santner on Rohit Sharma and Virat Kohli: भारतीय टीम अगले महीने न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की ODIs समेत तीनों फॉर्मेट में सीरीज खेली जाएगी। लेकिन, इससे पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली से शायद कीवी कप्‍तान मिचेल सेंटनर खौफजदा हैं। उन्‍होंने कहा भले ही रोहित-विराट को यहां की परिस्थितियां पसंद आती हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
2 min read
Sep 07, 2026
Mitchell Santner on Rohit Sharma and Virat Kohli
रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो-IANS)

Mitchell Santner on Rohit Sharma and Virat Kohli: अफगानिस्‍तान के खिलाफ टी20 सीरीज और फिर एशियन गेम्‍स के बाद अगले महीने भारतीय टीम न्‍यूजीलैंड के दौरे पर जाएगी। जहां 22 अक्‍टूबर से लेकर एक दिसंबर तक दोनों देशों के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज और इतने ही मैचों की ODI सीरीज के अलावा दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे से पहले कीवी टीम के कप्‍तान मिचेल सेंटनर ने बड़ा बयान दिया है। सेंटनर ने कहा कि भारत के अनुभवी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भले ही पहले न्यूजीलैंड में खेलने का आनंद लिया है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। इस बार उन्‍हें यहां कड़ी चुनौती मिलेगी।

'वे वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के मास्टर हैं'

मिचेल सेंटनर पीटीआई से कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अभी भी बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, जैसा कि हम लंबे समय से देखते आ रहे हैं। वे वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के मास्टर हैं। उन्हें पहले भी न्यूजीलैंड की कुछ पिचें काफी पसंद आई हैं। उम्मीद है इस बार ऐसा नहीं होगा। उन्‍होंने कहा कि यह एक शानदार वनडे सीरीज होने वाली है, इसमें कोई शक नहीं है। यह अगले साल होने वाले क्रिकेट वर्ल्ड कप से पहले की तैयारी है। हर कोई अपनी बेस्ट टीम चुनने की कोशिश कर रहा है।

भारत को घर पर हराना न्यूजीलैंड का पहला लक्ष्‍य

सेंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड का पहला टारगेट भारत के खिलाफ घर पर वनडे सीरीज जीतना होगा। भारत के खिलाफ पांच मैच के बाद श्रीलंका के खिलाफ घर पर तीन वनडे और फिर हम इंग्लैंड दौरे पर सितंबर 2027 में वर्ल्ड कप की आखिरी तैयारी करेंगे। उन्‍होंने कहा कि सबसे पहले हम भारत के खिलाफ घर पर सीरीज जीतना चाहते हैं, जो एक बहुत बढ़िया बात होगी। फिर यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि अगले साल अक्टूबर में हम क्‍या कर सकते हैं।

सेंटनर ने भारत की 3-0 की टेस्ट हार को किया याद

टीम इंडिया और न्यूजीलैंड पिछली बार भारत में टेस्ट सीरीज में मिले थे, जिसमें कीवी टीम ने 3-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस नतीजे से भारत का घरेलू टेस्ट में बिना हारे रहने का सिलसिला खत्म हो गया था, जो 12 साल और 18 सीरीज से ज्‍यादा समय तक चला था।
भारत की टेस्ट टीम अब बदलाव के दौर से गुजर रही है। वहीं, सेंटनर का मानना ​​है कि न्यूजीलैंड में दो-टेस्ट सीरीज कुछ नए खिलाड़ियों के लिए मुश्किल हो सकती है। उस दौरे को याद करते हुए उन्‍होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमने पहले जिस बारे में बात की थी, वह जल्दी से ढलने की कोशिश करना है।

भारत का न्यूजीलैंड दौरा 2026-27: पूरा शेड्यूल

तारीखमुकाबलावेन्यूसमय (IST)
22 अक्टूबर 20261st T20Iहेगले ओवल, क्राइस्टचर्च12:30 PM
24 अक्टूबर 20262nd T20Iहेगले ओवल, क्राइस्टचर्च12:30 PM
27 अक्टूबर 20263rd T20Iस्काई स्टेडियम, वेलिंगटन12:30 PM
30 अक्टूबर 20264th T20Iईडन पार्क, ऑकलैंड12:30 PM
1 नवंबर 20265th T20Iसेडन पार्क, हैमिल्टन12:30 PM
4 नवंबर 20261st ODIईडन पार्क, ऑकलैंड7:30 AM
7 नवंबर 20262nd ODIस्काई स्टेडियम, वेलिंगटन7:30 AM
10 नवंबर 20263rd ODIसेडन पार्क, हैमिल्टन7:30 AM
13 नवंबर 20264th ODIबे ओवल, माउंट माउंगानुई7:30 AM
15 नवंबर 20265th ODIबे ओवल, माउंट माउंगानुई7:30 AM
19–23 नवंबर 20261st Testबेसिन रिजर्व, वेलिंगटन3:30 AM
27 नवंबर–1 दिसंबर 20262nd Testहेगले ओवल, क्राइस्टचर्च3:30 AM
Updated on:
07 Sept 2026 07:06 pm
Published on:
07 Sept 2026 07:06 pm