
New Zealand A vs India A 1st Unofficial Test: भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल ग्राउंड में खेला जा रहा है। पहले दो दिन बैकफुट पर रहने वाली भारतीय टीम ने तीसरे दिन जबरदस्त कमबैक करते हुए 284 रन की बढ़त बना ली है। तीसरे दिन देवदत्त पडिक्कल (199) जहां अपने दोहरे शतक से चूक गए, वहीं, साई सुदर्शन 91 पर आउट हुए और अपने शतक से चूक गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 488 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। वॉशिंगटन सुंदर नाबाद 51 रन बनाकर खेल रहे हैं, वहीं आकाशदीप शून्य पर खेल रहे हैं।
देवदत्त पडिक्कल 248 गेंदों का सामना करते हुए 199 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 24 चौके और 3 छक्के लगाए। न्यूजीलैंड ए के तेज गेंदबाज जैक गिब्सन की गेंद पडिक्कल के पैड पर लगी, तो विपक्षी टीम ने जोरदार अपील की और अंपायर ने अपनी उंगली उठा दी। हालांकि, पडिक्कल अंपायर के फैसले से पूरी तरह से नाखुश नजर आया और उनके चेहरे पर निराशा साफतौर पर दिखाई दी।
बता दें कि पहली पारी के आधार पर 204 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में भी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल 5 रन बनाकर आउट हुए और केएल राहुल 4 रन ही बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद पडिक्कल ने साई सुदर्शन के साथ भारतीय पारी को संवारा। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 340 गेंदों में 215 रनों की जबरदस्त साझेदारी हुई। सुदर्शन 184 गेंदों में 91 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 12 चौके लगाए। कप्तान ध्रुव जुरेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 2 रन बनाकर आउट हुए।
सुदर्शन के पवेलियन लौटने के बाद पडिक्कल को यश राठौड़ के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला और दोनों ने मिलकर 142 रन जोड़े। यश 66 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर उतरे और अपना अर्धशतक पूरा किया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने आठ विकेट के नुकसान पर 488 रन स्कोर बोर्ड पर लगाते हुए 284 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली है।