NZ vs SA 1st T20I Highlights: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के दौरे पर पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में सात विकेट से जीत दर्ज की है।
NZ vs SA 1st T20I Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था, लेकिन प्रोटियाज ने 10 बाद ही उस हार का बदला पूरा कर लिया है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन, साउथ अफ्रीका की दमदार गेंदबाजी के सामने कीवी टीम 14.3 ओवर में महज 91 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने 16.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 93 रन बनाते हुए जीत दर्ज की।
माउंट माउंगानुई में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने 3.4 ओवर में महज 21 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी आया राम गया राम की स्थिति बनी रही और न्यूजीलैंड की पूरी टीम 14.3 ओवर में महज 91 रन पर सिमट गई।
साउथ अफ्रीका की ओर से न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 26 रन की पारी खेली। उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 15 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सका। सात बल्लेबाज तो दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सके। नकोबानी मोकोएना ने तीन विकेट तो गेराल्ड कोएत्ज़ी, ओटनील बार्टमैन और केशव महाराज ने दो-दो विकेट चटकाए।
महज 92 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। उसने महज सात के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। लेकिन, कॉनर एस्टरहुइज़न ने दूसरा छोर संभालते हुए 48 गेंदों पर 45 रनों की नाबाद संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए प्रोटियाज को जीत दिलाई। इस जीत के साथ मेहमान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।