
जोहॉन्सबर्ग : पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सरफराज अहमद के बैन से बौखलाई पाकिस्तानी टीम ने दक्षिण अफ्रीका पर जबरदस्त पलटवार किया। अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बल पर रविवार को द वॉन्डर्स स्टेडियम में खेले गए चौथे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से रौंद दिया। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने पांच मैचों की सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली है। दोनों टीमों के बीच पांचवां और आखिरी मैच केपटाउन में 30 जनवरी को खेला जाएगा।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने ली गेंदबाजी
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने टॉस जीत कर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। इस मैच में मेजबान टीम के लिए हाशिम अमला (59) और कप्तान फाफ डु प्लेसिस (57) ने सबसे अधिक रन बनाए। इन दोनों के अलावा दक्षिण अफ्रीका का कोई बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों का विश्वास के साथ सामना नहीं कर पाई। उसका और कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच पाया और पूरी टीम 164 रनों पर आल आउट हो गई।
दक्षिण अफ्रीका को 164 रनों के स्कोर पर समेटने में पाकिस्तान के उस्मान खान ने सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सबसे अधिक चार विकेट लिए। इसके अलावा, शाहीन अफरीदी और शादाब खान को दो-दो विकेट हासिल मिले, जबकि मोहम्मद आमिर और इमाद वसीम के हाथ एक-एक सफलता लगी।
पाकिस्तान ने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया लक्ष्य
मेजबान टीम की ओर से मिले 165 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी पाकिस्तान की टीम को अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ी। इमाम उल हक (71) के अर्धशतक के दम पर इस लक्ष्य को केवल दो विकेट खोकर नुकसान पर हासिल कर लिया। इस तरह से आठ विकेट से दक्षिण अफ्रीका को करारी शिकस्त दी। इमाम के अलावा पाकिस्तान के लिए फखर जमान ने 44 और बाबर आजम ने 41 रनों का योगदान दिया। मोहम्मद रिजवान 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए इमरान ताहिर और एंडिले फेलुक्वायो ने एक-एक सफलता हासिल की।
बता दें कि पाकिस्तान के नियमित कप्तान सरफराज अहमद पर नस्लवादी टिप्पणी की वजह से बैन लगने के कारण टीम का नेतृत्व शोएब मलिक कर रहे थे।