
BCCI Logo (Photo- IANS)
BCCI FTP plan: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) आगामी 22 और 23 सितंबर को दुबई में एक वर्कशॉप आयोजित करने जा रहा है। इस दौरान 2027-31 चक्र के लिए इंटरनेशनल मैचों की शेड्यूलिंग पर चर्चा की जाएगी। इस वर्कशॉप में सभी बोर्ड की ऑपरेशन टीमों के आने की उम्मीद है। इनके अलावा शीर्ष 8 एसोसिएट देशों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है। इसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का कहना है कि वह अपनी टीम को अगले फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) चक्र की प्लानिंग इस तरह से करने का निर्देश देगा कि विदेशी हालात खासतौर पर साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA) में सीरीज से पहले ढलने के लिए काफी समय मिल सके।
बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया का कहना है कि हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि साल में बहुत सारे मैच होते हैं और इसीलिए अगले एफटीपी में हम कुछ चीजें करेंगे और कुछ कदम उठाएंगे। जल्द अलग-अलग इंटरनेशनल फोरम पर मीटिंग करने वाले अपने लोगों से हमने कहा है कि हमारा एफटीपी इस तरह से शेड्यूल किया जाना चाहिए कि खिलाड़ियों को पूरा आराम मिले। साथ ही सेना देशों में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले परिस्थितियों में ढलने के लिए फ्रेंडली मैच भी आयोजित किए जाएं।
बीसीसीआई मैनेजर्स को शेड्यूल में गैप बनाने के लिए अगले एफटीपी में मौजूदा बाइलेटरल सीरीज और आईसीसी इवेंट्स के हिसाब से काम करना होगा। भारत 2028 की शुरुआत में पांच टेस्ट के लिए इंग्लैंड की मेजबानी करेगा और उस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया जाएगा। फिर रिटर्न टूर होंगे, जिसमें भारत शायद 2029 में इंग्लैंड का टूर करेगा और 2031 में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा।
इस बीच आईसीसी इवेंट्स भी हैं। 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में टी20 वर्ल्ड कप, 2029 में भारत में चैंपियंस ट्रॉफी और 2030 में इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड में टी20 वर्ल्ड कप और 2031 में भारत और बांग्लादेश में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत उन्हें साउथ अफ्रीका और वेस्ट इंडीज जाने के बाद श्रीलंका और दूसरी टीम को भी होस्ट करना पड़ सकता है। यह आसान नहीं होगा, लेकिन बीसीसीआई टारगेट पूरे करने के लिए जाना जाता है।
Updated on:
05 Sept 2026 03:06 pm
Published on:
05 Sept 2026 03:06 pm
